नवीं मुम्बई, 04 फरवरी (वार्ता) इशान किशन (54), तिलक वर्मा (45), कप्तान सूर्यकुमार यादव (30) अक्षर पटेल (नाबाद 35) की तूफानी पारियों के दम पर भारत ने बुधवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अभ्यास मैच में पांच विकेट पर 240 रनों का स्कोर खड़ा किया।
आज यहां भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। इशान किशन और अभिषेक शर्मा ने तूफानी बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए पहले विकेट के लिए 80 रन जोड़े। छठें ओवर में इशान किशन रिटायर आउट हुये। इशान किशन ने 20 गेंदों में दो चौके और सात छक्के उड़ाते हुए 53 रन बनाये। इसके बाद आठवें ओवर में अभिषेक शर्मा भी 24 रन पर रिटायर आउट हो गये। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और एक छक्का लगाया। भारत का तीसरा विकेट 10वें ओवर में तिलक वर्मा के रूप में गिरा। तिलक वर्मा को मार्को यानसन ने बोल्ड आउट किया। तिलक वर्मा ने 19 गेंदों में तीन चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए 45 रन बनाये। सूर्यकुमार यादव ने 16 गेंदों में दो चौके और दो छक्के लगाते हुए 30 रन बनाये। रिंकू सिंह 16 रन बनाकर आउट हुये। हार्दिक पंड्या ने 10 गेंदों में दो चौके और तीन छक्के लगाते हुए 30 रनों की पारी खेली। उन्हें 20वें ओवर में कार्बिन बॉश ने आउट किया। भारत ने निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट पर 240 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। अक्षर पटेल ने 23 गेंदों में नाबाद 35 रनों की पारी खेली। उन्होंने दो चौके और दो छक्के लगाये।
दक्षिण अफ्रीका के लिए मार्को यानसन, कार्बिन बॉश, एनरिक नॉर्टे, वेना मफाका ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
