मुंबई | टीवी के मशहूर शो ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ में इन दिनों जबरदस्त हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिल रहा है। आने वाले एपिसोड में रणविजय, तुलसी को रास्ते से हटाने के लिए एक जानलेवा साजिश रचेगा। वह तुलसी की मेहनत और उसके साड़ी के बड़े ऑर्डर को बर्बाद करने के लिए उसकी कार के ब्रेक फेल करवा देगा। रणविजय का मकसद तुलसी को खत्म करना है, लेकिन उसे इस बात का अंदाजा नहीं है कि नियति ने कुछ और ही तय कर रखा है। तुलसी के बजाय इस मौत के जाल में मिहिर फंस जाएगा, जिससे कहानी पूरी तरह पलट जाएगी।
शो के अपकमिंग ट्रैक में दिखाया जाएगा कि भारी बारिश के बीच मिहिर और तुलसी कार में भगवान की सोने की मूर्ति लेकर निकलेंगे। इसी सफर के दौरान मिहिर भावुक होकर तुलसी के प्रति अपना प्यार जताएगा, लेकिन तभी उसे एहसास होगा कि कार के ब्रेक फेल हो चुके हैं। तुलसी को सुरक्षित रखने की कोशिश में मिहिर खुद की जान जोखिम में डाल देगा और कार एक भीषण हादसे का शिकार हो जाएगी। इस एक्सीडेंट की खबर मिलते ही तुलसी बुरी तरह टूट जाएगी और मिहिर को गंभीर हालत में अस्पताल भर्ती कराया जाएगा।
मिहिर के एक्सीडेंट के बाद शो में एक नया मोड़ आएगा, जिससे तुलसी की दोबारा ‘शांति निकेतन’ में एंट्री होगी। मिहिर की देखभाल और घर की जिम्मेदारी संभालने के लिए तुलसी फिर से पुराने अंदाज में नजर आएगी, जिससे नॉयना के होश उड़ जाएंगे। इसी बीच घर में ‘बापजी’ का भी आगमन होगा, जो तुलसी का समर्थन करेंगे। क्या तुलसी रणविजय के असली चेहरे को बेनकाब कर पाएगी और क्या मिहिर इस जानलेवा हमले से सुरक्षित बाहर निकल पाएगा? यह देखना दर्शकों के लिए काफी रोमांचक होने वाला है।

