जबलपुर: संजीवनी नगर थाना अंतर्गत शाही तालाब के पास स्थित बैंक में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने लोन न मिलने से नाराज होकर बैंक परिसर में जमकर उत्पात मचाया। आरोपी युवक हाथ में बेसबॉल का डंडा लेकर बैंक में घुसा और वहां मौजूद स्टाफ को धमकाते हुए तोडफ़ोड़ शुरू कर दी। इस दौरान उसने कम्प्यूटर भी तोड डाले। पुलिस ने रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर लिया है ।
पुलिस के मुताबिक अमित कुमार सिंह, उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक शाही तालाब के पास में रीजनल मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं, अजय नामदेव दोपहर करीब 12:30 बजे लोन के सिलसिले में बैंक आया था। बैंक कर्मचारियों ने जब उसे समझाया कि दूसरे बैंक में लोन ड्यू (बकाया) होने के कारण उसका नया लोन फिलहाल पास नहीं हो सकता, तो वह अभद्रता करने लगा। उस समय उसे समझा-बुझाकर वापस भेज दिया गया था। इसके बाद अजय पुन: वापस आया और बाहर से हंगामा शुरू कर दिया।
इसके बाद उसने बेसबॉल के डंडे से बैंक का कांच का दरवाजा तोड़ दिया और सीधे अंदर घुस गया। गुस्से में अजय ने सामने रखे दो कंप्यूटरों पर डंडे बरसाकर उन्हें पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। वह चिल्ला रहा था कि मेरा लोन पास क्यों नहीं कर रहे हो, मुझे क्यों भटका रहे हो? तोडफ़ोड़ के दौरान रीजनल मैनेजर अमित कुमार सिंह और सहकर्मी अभिलेष काछी ने अजय को पीछे से दबोच लिया। कर्मचारियों ने उसके हाथ से बेसबॉल का डंडा छीना और उसे पकडक़र सीधे थाने ले आए। घटना की जानकारी ब्रांच मैनेजर सुनील मिश्रा और अन्य सहकर्मियों को भी दी गई है। इसके बाद एफआईआर दर्ज कराई गई।
