भारत और अमेरिका में स्वागत योग्य व्यापारिक समझौता

भारत आज विश्व मंच पर केवल एक उभरती अर्थव्यवस्था नहीं, बल्कि नीति, नीयत और नेतृत्व के दम पर निर्णायक भूमिका निभाने वाला राष्ट्र बन चुका है. भारत-अमेरिका ट्रेड डील 2026 इसी बदलते वैश्विक समीकरण का सबसे ठोस प्रमाण है. यह समझौता किसी एक देश की रियायत नहीं, बल्कि भारत की बढ़ती सामर्थ्य, रणनीतिक विश्वसनीयता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व की स्वीकृति है. बीते एक दशक में भारत ने वैश्विक मंच पर खुद को एक विश्वसनीय आर्थिक और रणनीतिक साझेदार के रूप में स्थापित किया है. ‘मेक इन इंडिया’, ‘आत्मनिर्भर भारत’, ‘डिजिटल इंडिया’ और चाइना प्लस रणनीति के चलते भारत अब केवल बाजार नहीं, बल्कि मैन्युफैक्चरिंग, सप्लाई चेन और निवेश का केंद्र बन रहा है. यही कारण है कि अमेरिका जैसा राष्ट्र, जो लंबे समय से टैरिफ को लेकर कठोर रुख अपनाए हुए था, आज भारत के साथ 18 फीसदी प्रभावी टैरिफ डील पर सहमत हुआ.

यह डील साफ संकेत देती है कि वैश्विक व्यापार का गुरुत्वाकर्षण एशिया में भारत की ओर खिसक रहा है. टेक्सटाइल, जेम्स-ज्वैलरी, फुटवियर और आईटी जैसे क्षेत्रों में भारत को मिलने वाली प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त केवल निर्यात लाभ नहीं, बल्कि लाखों रोजगार और औद्योगिक विस्तार का रास्ता खोलती है. वहीं अमेरिका के लिए भारत एक ऐसा साझेदार है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों, खुले बाजार और रणनीतिक स्थिरता का भरोसा देता है.

महत्वपूर्ण यह भी है कि भारत अब केवल प्रतिक्रिया देने वाला नहीं, बल्कि एजेंडा सेट करने वाला देश बन गया है. रूस से तेल आयात में कटौती और अमेरिका-वेनेजुएला जैसे विकल्पों की ओर रुख करना दिखाता है कि भारत अपनी ऊर्जा सुरक्षा को वैश्विक कूटनीति के साथ संतुलित करना जानता है. यह फैसला भावनाओं से नहीं, बल्कि राष्ट्रीय हित की ठोस गणना से लिया गया कदम है.

भारत की इसी मजबूत स्थिति के कारण आज इंग्लैंड और यूरोपीय यूनियन के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट संभव हो पाया है. यूरोप, जो लंबे समय तक भारत को केवल एक बड़ा बाजार मानता था, अब उसे रणनीतिक आर्थिक भागीदार के रूप में देख रहा है. ब्रिटेन-भारत एफटीए और ईयू के साथ आगे बढ़ती बातचीत यह दर्शाती है कि भारत वैश्विक व्यापार व्यवस्था में एक केंद्रीय धुरी बन चुका है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व इस पूरे परिवर्तन की धुरी है. उनकी विदेश नीति न तो गुटनिरपेक्षता की पुरानी जड़ता में फंसी है, न ही किसी एक ध्रुव पर निर्भर है. यह नीति ‘भारत प्रथम’ के सिद्धांत पर आधारित है कि जहां दोस्ती भी भारत के हितों से तय होती है और समझौते भी भारत की शर्तों पर होते हैं. यही कारण है कि अमेरिका, यूरोप और एशिया,तीनों भारत के साथ साझेदारी को प्राथमिकता दे रहे हैं. शेयर बाजार की सकारात्मक प्रतिक्रिया, निवेशकों का भरोसा और वैश्विक सप्लाई चेन में भारत की बढ़ती हिस्सेदारी इस बात का संकेत है कि दुनिया भारत को स्थिर, सक्षम और भविष्य के नेतृत्वकर्ता के रूप में देख रही है. कुल मिलाकर भारत-अमेरिका ट्रेड डील केवल आर्थिक समझौता नहीं, बल्कि नए वर्ल्ड ऑर्डर में भारत की मजबूत एंट्री है. यह उस भारत की तस्वीर है, जो आत्मविश्वास से भरा है, सौदे करता है,झुकता नहीं, और नेतृत्व करता है, अनुसरण नहीं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में भारत अब नियम मानने वाला नहीं, बल्कि नियम गढऩे वाला राष्ट्र बनता जा रहा है.

 

 

Next Post

11 साल की उम्र में छोड़ा घर, सुरों ने बनाया भारत रत्न, जानें पंडित भीमसेन जोशी की कहानी

Wed Feb 4 , 2026
11 साल की उम्र में घर छोड़कर गुरु की तलाश में निकले पंडित भीमसेन जोशी ने कठिन साधना और सुरों की ताकत से हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। कभी-कभी इतिहास की सबसे महान कहानियां बेहद साधारण जगहों से जन्म लेती हैं। हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत के महान स्तंभ […]

You May Like