नई फिल्मों की रिलीज के बावजूद नहीं टूटा ‘पेद्दी’ का जादू, जानें ‘है जवानी तो इश्क होना है’ की कमाई

रामचरण और जान्हवी कपूर की फिल्म पेद्दी ने नौवें दिन 3.61 करोड़ रुपये कमाकर कुल 197.16 करोड़ का कारोबार कर लिया है। वहीं है जवानी तो इश्क होना है की कमाई घटी और बंदर संघर्ष करती रही।

सिनेमाघरों में इस समय कई नई और पुरानी फिल्मों के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिल रहा है। एक तरफ जहां कंगना रनौत की ‘भारत भाग्य विधाता’ और इम्तियाज अली की ‘मैं वापस आऊंगा’ ने हाल ही में एंट्री की है, वहीं रामचरण की पैन इंडिया फिल्म ‘पेद्दी’ अब भी दर्शकों की पहली पसंद बनी हुई है। रिलीज के नौवें दिन भी फिल्म ने शानदार कमाई कर यह साबित कर दिया कि इसकी लोकप्रियता अभी कम नहीं हुई है।

ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, रामचरण और जान्हवी कपूर स्टारर ‘पेद्दी’ ने रिलीज के नौवें दिन 3.61 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। हालांकि आठवें दिन फिल्म ने 6.30 करोड़ रुपये कमाए थे, लेकिन नए रिलीज के बावजूद इसकी पकड़ बॉक्स ऑफिस पर मजबूत बनी हुई है। फिल्म की कुल कमाई अब 197.16 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है और यह जल्द ही 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने के करीब है।

है जवानी तो इश्क होना है की कमाई में गिरावट
वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े स्टारर रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ की कमाई में भी गिरावट देखने को मिली। फिल्म ने रिलीज के आठवें दिन 1.40 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जबकि सातवें दिन इसका कलेक्शन 2.60 करोड़ रुपये था। डेविड धवन के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कुल कमाई अब 38.25 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।

बंदर की हालत हुई और खराब
बॉबी देओल अभिनीत थ्रिलर ड्रामा फिल्म ‘बंदर’ की स्थिति सबसे ज्यादा चिंताजनक बनी हुई है। अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनी इस फिल्म का प्रदर्शन लगातार कमजोर रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सातवें दिन फिल्म ने बेहद मामूली कमाई दर्ज की थी और आठवें दिन इसके आंकड़े लगभग गायब हो गए। अब तक फिल्म का कुल कलेक्शन केवल 3.65 करोड़ रुपये ही पहुंच पाया है। फिल्म में सान्या मल्होत्रा और सपना पब्बी भी अहम भूमिकाओं में नजर आई हैं।

नई फिल्मों की शुरुआत भी रही फीकी
इस शुक्रवार रिलीज हुई कंगना रनौत की ‘भारत भाग्य विधाता’ और दिलजीत दोसांझ-शरवरी स्टारर ‘मैं वापस आऊंगा’ भी बॉक्स ऑफिस पर कोई बड़ा कमाल नहीं दिखा सकीं। ‘भारत भाग्य विधाता’ ने पहले दिन 59 लाख रुपये का कलेक्शन किया, जबकि ‘मैं वापस आऊंगा’ ने 74 लाख रुपये की ओपनिंग दर्ज की। शुरुआती आंकड़े बताते हैं कि दोनों नई फिल्में फिलहाल ‘पेद्दी’ के मजबूत प्रदर्शन को चुनौती देने में सफल नहीं हो पाई हैं।

Next Post

फीफा विश्वकप: कनाडा बनाम बोस्रिया और हर्जेगोविना मुकाबला 1-1 से ड्रा रहा

Sat Jun 13 , 2026
टोरंटो, 13 जून (वार्ता) फीफा विश्वकप 2026 के ग्रुप बी में कनाडा बनाम बोस्निया और हर्जेगोविना के बीच खेला गया मुकाबला 1-1 से ड्रा पर समाप्त हुआ। इसी के साथ दोनों टीमों को एक-एक अंक मिल गया। कनाडा की फुटबॉल टीम ने शुक्रवार रात खेले गये मुकाबले में शानदार प्रदर्शन […]

You May Like