
इटारसी। मध्यप्रदेश के इटारसी में पुलिस ने आईपीएल के दौरान संचालित हो रहे अवैध सट्टा कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हाईटेक रैकेट का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई को जिले में अब तक की सबसे बड़ी सट्टा विरोधी कार्रवाई माना जा रहा है।
पुलिस ने सूचना के आधार पर नाला मोहल्ला स्थित एक मकान पर आधी रात को छापा मारते हुए सर्जिकल स्ट्राइक की। बताया जा रहा है कि यह मकान मुख्य आरोपी अंकित अजनेरिया का है, जहां से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए आईपीएल मैचों पर सट्टा लगाया जा रहा था। कार्रवाई से पहले पुलिस ने प्रशासन से सर्च वारंट भी प्राप्त किया था।
जांच में खुलासा हुआ कि पूरा सट्टा कारोबार हाईटेक तरीके से संचालित किया जा रहा था। आरोपी ऑनलाइन वेबसाइट्स और डिजिटल माध्यमों के जरिए सट्टा चला रहे थे। मौके से बरामद उपकरणों को देखकर यह पूरा सेटअप किसी मिनी कॉल सेंटर जैसा प्रतीत हो रहा था।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब ₹14.22 लाख का माल जब्त किया। इसमें 25 मोबाइल फोन, 2 लैपटॉप, 1 टैबलेट, प्रोजेक्टर, हाई-स्पीड वाई-फाई सेटअप, बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, अन्य वित्तीय दस्तावेज और एक स्कूटी शामिल है। इसके अलावा आरोपियों के बैंक खातों में जमा रकम को भी फ्रीज किया गया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें अंकित अजनेरिया (मुख्य संचालक), पंकज अजनेरिया, दीपक जुनानिया और रोहित सक्सेना शामिल हैं।
यह पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी गौरव सिंह बुंदेला के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और अब उनके नेटवर्क के अन्य लिंक खंगाले जा रहे हैं, ताकि बड़े सट्टा गिरोहों तक पहुंचा जा सके।
