बंद स्ट्रीट लाइटों को तत्काल सुधारें: रानी

सिंगरौली : नगर पालिक निगम की महापौर रानी अग्रवाल ने शहरी क्षेत्र की प्रकाश व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, सुव्यवस्थित और जनोपयोगी बनाने के उद्देश्य से विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं प्रभारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान महापौर ने पूरे ननि क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था की वर्तमान स्थिति की वार्डवार विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने मुख्य मार्गों, प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और आंतरिक कॉलोनियों में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से सुधारने के सख्त निर्देश दिए।

महापौर ने दोटूक शब्दों में कहा कि रात के समय नागरिकों, महिलाओं और राहगीरों की सुरक्षा तथा सुगम आवागमन हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए बंद लाइटों को बदलने और सुधारने के कार्य में किसी भी स्तर पर ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।विद्युत अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण और भविष्य की जरूरतों पर चर्चा करते हुए महापौर रानी अग्रवाल ने अधिकारियों को शहर के विकास के अनुरूप आवश्यकतानुसार नए एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश जारी किए।

उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों या वार्डों में अभी तक पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं है, जहां नई केबल बिछाने, पुराने व जर्जर तारों को बदलने, नए विद्युत खंभे खड़े करने अथवा अतिरिक्त स्ट्रीट लाइटें व हाईमास्ट लगाने की आवश्यकता है, वहां का विभागीय अमला त्वरित रूप से धरातलीय व भौतिक सत्यापन करें। इस सर्वे के आधार पर प्राथमिकता तय करते हुए जल्द से जल्द प्राकलन तैयार कर प्रस्तुत किए जाएं, ताकि समय रहते विकास कार्यों को गति दी जा सके। बैठक के दौरान सहायक यंत्री प्रवीण गोस्वामी सहित संबंधित उपयंत्री मौजूद रहे।

Next Post

भोपाल ननि में बड़े फेरबदल की तैयारी: हटेंगे LDC स्तर के जोन प्रभारी, RI संभालेंगे कमान

Sat Jul 4 , 2026
भोपाल:नगर निगम में जोन प्रभारियों के स्तर पर जल्द बड़े प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी है. सूत्रों के अनुसार, लंबे समय से जोनों का प्रभार संभाल रहे निम्न श्रेणी लिपिक (एलडीसी) स्तर के कर्मचारियों को हटाकर राजस्व निरीक्षकों की नियुक्ति की जा सकती है. इस प्रक्रिया की शुरुआत हो चुकी है. […]

You May Like