भोपाल ननि में बड़े फेरबदल की तैयारी: हटेंगे LDC स्तर के जोन प्रभारी, RI संभालेंगे कमान

भोपाल:नगर निगम में जोन प्रभारियों के स्तर पर जल्द बड़े प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी है. सूत्रों के अनुसार, लंबे समय से जोनों का प्रभार संभाल रहे निम्न श्रेणी लिपिक (एलडीसी) स्तर के कर्मचारियों को हटाकर राजस्व निरीक्षकों की नियुक्ति की जा सकती है. इस प्रक्रिया की शुरुआत हो चुकी है. हाल ही में जोन क्रमांक-15 से ठाकुर सिंह को हटाकर राजस्व निरीक्षक कुलदीप जैन को जोन प्रभारी बनाया गया है.
21 जोनों में सिर्फ एक राजस्व निरीक्षक था प्रभारी
नगर निगम के 21 जोनों में अब तक केवल जोन-15 में कुलदीप जैन ही राजस्व निरीक्षक के रूप में जोन प्रभारी थे. इसके अलावा 16 सहायक राजस्व निरीक्षक विभिन्न जोनों का प्रभार संभाल रहे हैं. वहीं जोन-5 में मुकेश केनिया, जोन-12 में रजनीश श्रीवास्तव, जोन-13 में नीलेश श्रीवास्तव (एलडीसी) तथा जोन-10 में कुर्क अमीन शैलेष चौहान जोन प्रभारी हैं. सूत्रों का कहना है कि इन चारों जोनों में भी जल्द बदलाव हो सकता है.
कई राजस्व निरीक्षक बिना जोन प्रभार के
नगर निगम में वर्तमान में करीब 12 राजस्व निरीक्षक पदस्थ हैं, जिनमें से पांच के पास किसी जोन का प्रभार नहीं है. इनमें नूतन खरे, सोनाली साहू, मयंक जाट सहित दो हाल ही में इंदौर से स्थानांतरित होकर आए राजस्व निरीक्षक शामिल हैं. सूत्रों के अनुसार, मयंक जाट को जोन-10, नूतन खरे को जोन-17, सत्यप्रकाश बड़गैंया को जोन-6, रामदत्त तिवारी को जोन-21, सोनाली साहू को जोन-19 तथा दोनों नए राजस्व निरीक्षकों को जोन-12 और 13 का प्रभार सौंपे जाने की चर्चा है.
वर्तमान में सत्यप्रकाश बड़गैंया जन्म-मृत्यु पंजीयन शाखा में, मयंक जाट विवाह पंजीयन शाखा में रजिस्ट्रार के रूप में तथा रामदत्त तिवारी भवन अनुज्ञा शाखा में कार्यरत हैं। वहीं राजस्व निरीक्षक कमलेश गौर राज्य मंत्री कृष्णा गौर के कार्यालय में दायित्व निभा रहे हैं. इसके बावजूद कई जोनों का प्रभार अभी भी एलडीसी स्तर के कर्मचारियों के पास है.
शिकायतों वाले जोनों में होगा बदलाव
सूत्रों के मुताबिक, जिन जोन प्रभारियों के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही हैं या जिनका कार्य प्रदर्शन संतोषजनक नहीं माना जा रहा है, उन्हें भी बदला जाएगा। शुरुआती चरण में पांच से छह जोनों के प्रभारियों को बदले जाने की संभावना है. इसके बाद अधिकांश जोनों में एलडीसी स्तर के कर्मचारियों की जगह राजस्व निरीक्षकों की नियुक्ति की जा सकती है.
राजस्व वसूली बढ़ाने पर जोर
बताया जा रहा है कि निगमायुक्त संस्कृति जैन का मुख्य फोकस नगर निगम की आय बढ़ाना है. चूंकि जोन प्रभारियों की प्रमुख जिम्मेदारी राजस्व वसूली है और कई जोनों में लक्ष्य के अनुरूप वसूली नहीं हो पा रही है, इसलिए अनुभवी राजस्व निरीक्षकों को जोनों की जिम्मेदारी सौंपने की तैयारी की जा रही है. निगम प्रशासन को उम्मीद है कि इससे राजस्व संग्रह में सुधार होगा.
मूल पदों से अलग जिम्मेदारियां
नगर निगम में कई कर्मचारियों को उनके मूल पद के बजाय अन्य जिम्मेदारियां दी गई हैं. उदाहरण के तौर पर सहायक राजस्व निरीक्षक अर्जुन मेघानी को पहले राजस्व अधिकारी का दायित्व सौंपा गया था, जबकि उनका मूल पद वार्ड प्रभारी का है. इसी तरह कई सहायक राजस्व निरीक्षक वर्तमान में जोन प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं

Next Post

निगम आयुक्त ने किया जलभराव स्थल का निरीक्षण

Sat Jul 4 , 2026
इंदौर: नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने शुक्रवार को बॉम्बे हॉस्पिटल, लसूड़िया मोरी, एसआर कम्पाउण्ड, पंचवटी, मालवीय पेट्रोल पम्प, एलआईजी चैराहा, पलासिया चैराहा, खजराना चैराहा के पास सर्विस रोड़, रेडिसन चौराहा, रोबोट चौराहा, रिंग रोड आदि क्षेत्रों में जल भराव स्थित का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त […]

You May Like