ग्वालियर:कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) द्वारा ग्वालियर व्यापार मेले के संबंध में जनसभा का जिला प्रशासन के आदेश के बाद स्थान परिवर्तित किया गया है। अब यह जनसभा इंदरगंज चौराहे की जगह माधव मंगल गार्डन में होगी। जनसभा के कार्यक्रम संयोजक दिलीप पंजवानी, जिलाध्यक्ष रवि गुप्ता ने बताया कि कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला शांति समिति की बैठक में कैट के प्रतिनिधि के रूप में हम लोग शामिल हुए और जिला प्रशासन ने शहर की व्यवस्था को बनाये रखने के लिए धरना प्रदर्शन पर प्रतिबंध लगाया है।
कैट के राष्ट्रीय संगठन मंत्री भूपेन्द्र जैन जो कि जिला शांति समिति के सदस्य भी हैं, ने यह निर्णय लिया कि शासन की प्रतिबंध कार्यवाही में सहयोग करते हुए हम जनसभा का स्थान इंदरगंज चौराहे की जगह माधव मंगल गार्डन, तारघर जयेन्द्रगंज में आयोजित करेंगे। जनसभा 18 नवम्बर को सायंकाल 4 बजे आयोजित होगी। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में जनसभा में उपस्थित होने का आग्रह किया है।
