
जबलपुर। प्रथम तीर्थंकर, असि-मसि-कृषि के प्रेरणास्रोत और आदि पुरुष भगवान श्री आदिनाथ जी का जन्म-तप कल्याणक जैन समाज द्वारा श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। भगवान श्री आदिनाथ जन्म-तप कल्याणक समारोह समिति के तत्वावधान में श्री आदिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर दरहाई से राष्ट्र संत दिगम्बराचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के परम प्रभावक शिष्य मुनि श्री 105 निर्दोष सागर जी, मुनि श्री निर्लोभ सागर जी तथा मुनि श्री निरुपम सागर जी महाराज के ससंघ सानिध्य में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। कार्यक्रम की शुरुआत संयोजक चौधरी विजयचंद और लायन नरेन्द्र जैन द्वारा रथ एवं पालकी में विराजमान भगवान श्री आदिनाथ जी की आरती से हुई। इसके बाद भगवान आदिनाथ के जयघोष से वातावरण गूंज उठा और शोभायात्रा अपने निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़ी।श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या इसमें शामिल होकर भक्ति भाव से चल रही थी।
झांकियों और रजत रथ ने खींचा ध्यान
शोभायात्रा के आगे धमाल पार्टी, उपदेश बैनर, धर्मध्वजाएं और अश्व पर धर्मध्वजा लिए बालक आकर्षण का केंद्र बने। धार्मिक भजनों की प्रस्तुति करता बैण्ड दल, ढुल-ढुल घोड़ी, भगवान श्री आदिनाथ जी, आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज, आचार्य श्री समय सागर जी महाराज एवं निर्यापक मुनि सुधा सागर जी के चित्रों से सजी झांकियां शोभा बढ़ा रही थीं। इसके साथ ही धूप घट, अहीर नृत्य, पालना झांकी, दिव्य घोष तथा विभिन्न वेशभूषा में महिला परिषद की टीम ने भी श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया।
रजत पालकी में विराजित भगवान की हुई अगवानी
श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर (बरियावाला), श्री नन्हे जैन मंदिर, जाप मंडल, श्री चन्द्रप्रभु जैन मंदिर संगम कॉलोनी और लार्डगंज जैन मंदिर की रजत पालकी के साथ ही श्री आदिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर चौधरी दरहाई तथा श्री शासनोदय तीर्थ हनुमानताल के भव्य रजत रथ में विराजमान भगवान आदिनाथ की प्रतिमा शोभायात्रा का प्रमुख आकर्षण रही। मार्ग में जगह-जगह श्रावकों ने रंगोली सजाकर, आरती उतारकर और पुष्पवर्षा कर भगवान की अगवानी की।
बड़ी संख्या में समाजजन रहे शामिल
शोभायात्रा में आयोजक डॉ. ऋषभ चौधरी, लायन नरेन्द्र जैन, विनय सक्सेना, अमरीश मिश्रा, रज्जू सराफ, दिगम्बर जैन पंचायत सभा अध्यक्ष कैलाश जैन, राजेन्द्र जैन, अनिल जैन, शोभायात्रा संयोजक राकेश दाऊ, जैन नवयुवक सभा अध्यक्ष नितिन बेटिया, गौरव जैन, चक्रेश नायक, सुबोध कामरेड, डॉ. संजय जैन, डॉ. स्वप्निल जैन, सुनील गढ़वाल, मनीष जैन, रवि चौधरी, सतीश जैन नेता, पराग जैन, पदम जैन, पंकज विद्यार्थी, आजाद जैन, अखिलेश जैन, विशाल, विकास, विवेक, वैभव चौधरी, संजय चौधरी, जय कुमार, दिनेश जैन पैयाजी, सेठ संजय जैन, मुकेश और प्रदीप ड्योढिया सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
मंदिर पहुंचकर अभिषेक-पूजन
प्रमुख मार्गों से होते हुए शोभायात्रा पुनः मंदिर पहुंची, जहां भगवान श्री आदिनाथ जी के जन्म कल्याणक के अवसर पर अभिषेक, पूजन और अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। इस दौरान विभिन्न सामाजिक संस्थाओं द्वारा मार्ग में जल, फल और मिष्ठान का वितरण कर श्रद्धालुओं की सेवा की गई।
