दुबई। टी20 विश्व कप में 15 फरवरी को प्रस्तावित भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर अनिश्चितता की स्थिति बनी हुई है। पाकिस्तान सरकार द्वारा मुकाबले के बहिष्कार की घोषणा के तीन दिन बाद भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC), पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और मेजबान भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से कोई औपचारिक प्रगति सामने नहीं आई है। सभी पक्ष फिलहाल इंतजार और स्थिति पर नजर रखने की रणनीति अपनाते दिखाई दे रहे हैं।
क्रिकेट हलकों में यह चर्चा जरूर है कि अंतिम क्षणों तक फैसला बदलने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता, क्योंकि पूर्व में भी ऐसे मामलों में आखिरी समय पर रुख बदलता देखा गया है। हालांकि आईसीसी के नियमों के तहत किसी भी तरह की अनुपस्थिति या बहिष्कार को हल्के में लिए जाने की संभावना कम मानी जा रही है और ऐसे कदम पर बाद में कड़ी कार्रवाई हो सकती है।
इस बीच कुछ पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया कि आईसीसी चेयरमैन जय शाह और मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजोग गुप्ता मुंबई पहुंचकर आधिकारिक प्रसारक से चर्चा कर रहे हैं, लेकिन उपलब्ध जानकारी के अनुसार दोनों अधिकारी इन दिनों मिलान में अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) के सत्र में शामिल होने गए हुए हैं।
कुल मिलाकर भारत-पाक क्रिकेट मोर्चे पर फिलहाल शांति जरूर दिख रही है, लेकिन इसे आने वाले किसी बड़े निर्णय से पहले की खामोशी के रूप में भी देखा जा रहा है।
