नयी दिल्ली, 22 जनवरी (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को कहा कि वर्षों से गंदगी और बदहाली का शिकार रही मुनक नहर अब जल्द ही आस्था, स्वच्छता और आधुनिकता का नया प्रतीक बनेगी। श्रीमती गुप्ता ने आज मुनक नहर के कायाकल्प और भव्य छठ घाटों के निर्माण की आधारशिला रखने के बाद कहा कि वर्षों से गंदगी और बदहाली का शिकार रही यह नहर अब जल्द ही आस्था, स्वच्छता और आधुनिकता का नया प्रतीक बनेगी। उन्होंने इसे पूर्वांचल के लाखों श्रद्धालुओं के लिए बड़ी सौगात बताते हुए कहा कि अगली छठ पूजा तक यहां का वातावरण पूरी तरह बदल जाएगा। अब श्रद्धालुओं को गंदगी में नहीं, बल्कि एक सुरक्षित, स्वच्छ और सुंदर परिसर में सूर्य देव को अर्घ्य देने का अवसर मिलेगा। यह क्षेत्र धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में उभरेगा। मुख्यमंत्री ने शालीमार बाग में विकास कार्य की शुरुआत करते हुए कहा कि बरसों से बदहाल पड़ी मुनक नहर को साफ करके उसे सुंदर बनाया जाएगा और वहां छठ पूजा के लिए घाट भी तैयार किए जाएंगे। जिस नहर को लोग वर्षों से गंदगी और अव्यवस्था का प्रतीक मानकर नापसंद करते थे, वही अब आस्था और संस्कृति का मुख्य केंद्र बनेगी। यह प्रोजेक्ट शालीमार बाग, पीतमपुरा, केशवपुरम, नेताजी सुभाष प्लेस, पंजाबी बाग और कोहाट एन्क्लेव जैसे आसपास के इलाकों में रहने वाले लाखों लोगों के लिए बड़े तोहफे की तरह है। इस काम के पूरा होने के बाद हर दिन 30,000 से ज्यादा लोग यहां सैर करने और अन्य गतिविधियों के लिए आ सकेंगे।
उन्होंने बताया कि लोगों की सुविधा के लिए नहर के पास नयी सड़क बनाई जाएगी और सिंगलपुर पुल को चौड़ा किया जाएगा। इन बदलावों से वर्षों से उपेक्षित रही यह जगह अब सुंदर सार्वजनिक स्थल में बदल जाएगी, जिससे स्थानीय निवासियों को बेहतर और आधुनिक बुनियादी सुविधाएं मिलेंगी। इससे न केवल क्षेत्र की रौनक बढ़ेगी बल्कि ट्रैफिक की समस्या में भी काफी सुधार होगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार की ओर से नहर के ऊपर 5,000 करोड़ रुपये की लागत से एलिवेटेड रोड बनाया जाएगा। यह इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन से शुरू होकर यूईआर-2 तक जाएगा। इस सड़क के बनने से रोहिणी और बाहरी दिल्ली जाने वाले लोगों को गलियों के ट्रैफिक में नहीं फंसना पड़ेगा और उनका सफर आसान हो जाएगा। उन्होंने जोर दिया कि यह कदम केवल नहर को सुधारने के लिए नहीं, बल्कि पूरे इलाके के विकास के लिए ऐतिहासिक शुरुआत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दिल्ली सरकार वर्षों से रुके हुए कामों को पूरा करके जनता को बेहतर सुविधाएं देने के लिए पूरी तरह समर्पित है।

