
उज्जैन। चरक अस्पताल में मंगलवार रात घायल महिला को एक व्यक्ति लेकर पहुंचा था। उसने खुद को पति बताया और महिला को उपचार के लिये भर्ती किया। बुधवार तडक़े महिला की मौत हो गई। खुद को पति बताने वाला पत्नी की मौत के बाद लापता हो गया। अब पुलिस उसकी तलाश कर रही है। कोतवाली थाना पुलिस ने बताया कि मंगलवार रात चरक अस्पताल से सूचना प्राप्त हुई थी कि लीलाबाई पति कालू भील 40 साल निवासी मोरवानी रतलाम को घायल हालत में उपचार के लिये भर्ती कराया गया है। उसे लाने वाला पति कालू भील है। सूचना पर पुलिस ने जानकारी जुटाई। इस दौरान सामने आया कि घायल महिला को उसका पति कालू देवास से लेकर आया है। जहां चार पहिया वाहन से टक्कर लगने पर चोंट लगी है। पुलिस मामले की जांच शुरू करती उससे पहले बुधवार तडक़े लीलाबाई की मौत हो गई। अस्पताल स्टॉफ द्वारा दोबारा पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस अस्पताल पहुंची तो सामने आया कि उसका पति कालू भील लापता है, उसने अपना मोबाइल नम्बर भी दर्ज नहीं कराया था। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कहीं पता नहीं चला। शव को पोस्टमार्टम कक्ष में रखा गया। एसआई गोपाल राठौर ने बताया कि कालू भील ने जो पता अस्पताल में दर्ज कराया था। उस स्थान पर संपर्क किया गया, वहां कालू के परिजनों से चर्चा हुई, लेकिन उन्होंने लीलाबाई को कालू की पत्नी नहीं होना बताया। कालू के भी घर नहीं लौटने की बात कहीं। एसआई के अनुसार महिला मजदूर प्रतीत हो रही है। कालू के साथ मृतक महिला के परिजनों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
