दक्षिण कोरिया में ट्रंप और शी जिनपिंग की होगी मुलाकात

वाशिंगटन, 24 अक्टूबर (वार्ता) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अगले हफ्ते एशिया यात्रा के दौरान चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात करेंगे।

व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने गुरुवार को बताया कि श्री ट्रंप गुरुवार को एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग शिखर सम्मेलन (एपेक) में भाग लेने के लिए दक्षिण कोरिया रवाना होंगे, जहाँ वह इस सम्मेलन से इतर गुरुवार को शी जिनपिंग से मुलाकात करेंगे।

उल्लेखनीय है कि यह मुलाकात ऐसे समय में होने वाली है जब दोनों देशों के बीच व्यापार युद्ध लगातार बढ़ता जा रहा है।अमेरिकी राष्ट्रपति ने पिछले हफ्ते ही नवंबर से चीनी वस्तुओं पर 100 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क लगाने की धमकी दी थी। इधर चीन ने भी दुर्लभ मृदा खनिजों के निर्यात पर कड़े प्रतिबंध लगा दिये हैं।

श्री ट्रंप ने हालांकि कुछ हफ़्ते पहले कहा था कि वह एपेक शिखर सम्मेलन में शी जिनपिंग से मिलेंगे, लेकिन उन्होंने सटीक तारीख के बारे में नहीं बताया था। दुर्लभ-पृथ्वी खनिजों पर चीन के प्रतिबंधों को लेकर उनके मुलाकात के रद्द होने की संभावना भी जतायी जा रही थी।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने हालांकि बुधवार को कहा कि वह श्री जिनपिंग से मुलाकात करेंगे और व्यापार से लेकर परमाणु ऊर्जा तक विभिन्न क्षेत्रों में समझौते तक पहुंचने की कोशिश करेंगे। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उनकी योजना चीन द्वारा रूसी तेल की खरीद पर भी विचार करने की है।

जनवरी में श्री ट्रंप के सत्ता में लौटने के बाद से यह दोनों नेताओं की पहली आमने-सामने की बैठक होगी। इस साल दोनों नेताओं के बीच कम से कम तीन बार बातचीत हुई है, लेकिन आखिरी बार दोनों नेताओं की आमने-सामने की मुलाकात ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान 2019 में हुई थी।

 

 

 

Next Post

तुर्की के पास एजियन सागर में नाव डूबने से 14 प्रवासियों की मौत

Fri Oct 24 , 2025
इस्तांबुल, 24 अक्टूबर (वार्ता) तुर्की के दक्षिण-पश्चिमी मुगला प्रांत के पास एजियन सागर में शुक्रवार को एक नाव के डूब जाने से कम से कम 14 प्रवासियों की मौत हो गई। मुगला गवर्नर कार्यालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक घटना प्रांत के अदा बर्नू इलाके के पास उस […]

You May Like

मनोरंजन