सीहोर/ रेहटी। जिले के रेहटी थाना क्षेत्र में हुई एक दिल दहला देने वाली हत्या की गुत्थी को पुलिस ने मात्र 24 घंटे में सुलझाकर बड़ी सफलता हासिल की है. इस निर्मम वारदात ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया था. 2 जनवरी की शाम ग्राम ढाबा के जंगल किनारे जिस तरह से युवक रोहित करोंची की हत्या की गई, वह रोंगटे खड़े कर देने वाला था.
मृतक के भाई कमलेश करोंची ने 3 जनवरी को थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका भाई रोहित शाम करीब 6.30 बजे गांव के पास जंगल की ओर गया था, जहां राहुल उईके निवासी तजपुरा ने उसके सिर और मुंह पर पत्थर से ताबड़तोड़ हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी बुधनी रवि शर्मा के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कहारे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. पुलिस ने लगातार दबिश देते हुए तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया.
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मुख्य आरोपी राहुल उईके ग्राम चकल्दी में देखा गया है. टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूलते हुए बताया कि मृतक ने उसे गालियां दी थीं, जिससे गुस्से में आकर उसने जंगल में पड़े पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी. हत्या के बाद उसने अपने साथी मिथुन बारिवा के साथ मिलकर खून से सने कपड़े मरियाडो के जंगल में जला दिए, ताकि सबूत मिटाए जा सके. पुलिस ने आरोपी के बताए स्थान से जले कपड़ों के अवशेष, जैकेट के बटन और पत्थर बरामद कर लिया है. साथ ही दूसरे आरोपी मिथुन बारिवा को भी गिरफ्तार कर लिया गया है. महज 24 घंटे में हत्या का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करना रेहटी पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है.
