ग्वालियर: रेलवे ने टिकट बुकिंग प्रक्रिया को और ज्यादा पारदर्शी व सुविधाजनक बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है. अब यात्रियों को दो माह पहले से बुक होने वाली सामान्य टिकट के लिए भी अपना आईआरसीटीसी अकाउंट आधार कार्ड से लिंक करना अनिवार्य कर दिया गया है. पहले ये नियम सिर्फ तत्काल टिकट की बुकिंग पर लागू था, लेकिन अब इस नियम को विस्तार दिया गया है. इस फैसले का सीधा लाभ आम यात्रियों को मिलेगा.
साथ ही दलाली और अवैध टिकटों की खरीद-फरोख्त पर भी रोक लगेगी। रेलवे लगातार ट्रेन टिकट बुकिंग प्रणाली को पारदर्शी व यात्रियों के हित में सुधारने पर जोर दे रहा है. अब तक देखा गया कि कई बार एजेंट या दलाल फर्जी यूजर आईडी का इस्तेमाल कर ज्यादा से ज्यादा टिकट बुक कर लेते थे, जिससे आम यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में परेशानी उठानी पड़ती थी. जब टिकट बुक करने का आईआरसीटीसी अकाउंट आधार नंबर से लिंक होगा तो ऐसे मामलों पर रोक लगेगी और हर यात्री अपने असली खाते से टिकट बुक कर सकेगा. अब यात्री छह की बजाय 12 टिकट प्रति माह बुक कर सकेंगे।
