
जबलपुर। सिविल लाइन थाना अंतर्गत ललित कॉलोनी में आज एक अनियंत्रित कार ने जमकर तांडव मचाया। रफ्तार के कहर ने न सिर्फ राहगीरों को अपनी चपेट में लिया, बल्कि घर के बाहर सुकून से बैठे एक युवक की जान भी ले ली। इस घटना में एक 32 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो मासूम बच्चों सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
सिविल लाइन थाना प्रभारी पूर्वा चौरसिया के अनुसार दुर्घटना कार क्रमांक एमपी 20 सीएल 0537 से हुई है, कार ललित कॉलोनी निवासी बलविंदर सिंह की बताई जा रही है। हादसे के वक्त कार को रोहित नाम का युवक चला रहा था।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि कॉलोनी के भीतर कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि चालक ने नियंत्रण खो दिया। सबसे पहले कार ने एक बाइक सवार सुमित (41 वर्ष) को जोरदार टक्कर मारी। बाइक को टक्कर मारने के बाद भी कार नहीं रुकी और रास्ते में खेल रहे दो बच्चों, अभिनव (8) और आरिफ (12) को रौंदते हुए आगे बढ़ गई। वाहन चालक लापरवाही पूर्वक कार को दौड़ाता रहा और अंत में घर के बाहर बैठकर शांति से अखबार पढ़ रहे विकेश (32) को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विकेश ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद कॉलोनी में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। तीनों घायलों सुमित, अभिनव और आरिफ को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है। इस घटना के बाद से पूरी कॉलोनी में मातम और आक्रोश का माहौल है।
