राजगढ़। ग्राम गुराडख़ेड़ा में पति द्वारा ही अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी. जिले के गुराडख़ेड़ा गांव में शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे रामबाबू गुर्जर ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर पत्नी गायत्रीबाई गुर्जर (36) की हत्या कर दी. महिला की पीठ पर तीन और गर्दन पर एक वार किया गया. वारदात के बाद आरोपी पति फरार हो गया. सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची महिला के दो बेटे हैं, जिनकी उम्र 14 और 8 साल है. पुलिस के अनुसार गायत्रीबाई पर कुल्हाड़ी से चार वार किए गए. गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई.
पति रामपाल का भक्त, भगवान को पूजने से रोकता था
गायत्री गुर्जर की हत्या के मामले में चौंका देने वाली बात सामने आई है. मृतका के पिता ने बताया है कि आरोपी पति रामबाबू गुर्जर हरियाणा के रामपाल बाबा का पक्का भक्त था. पत्नी को पूजा-पाठ करने से रोकता था और इस कारण दोनों के बीच विवाद भी होता था. मृतका के पिता कमलसिंह गुर्जर (पूर्व सरपंच, छायन) ने बताया कि सुबह बेटी का फोन आया था. वह कह रही थी कि पति मार रहा है, जल्दी आ जाओ. जब तक वे पहुंचे, रामबाबू बेटी की हत्या कर भाग चुका था. पिता के मुताबिक, आरोपी छोटी-छोटी बातों पर विवाद करता था. घर में संत रामपाल की तस्वीरें लगी थीं और वह बेटी को भगवान की पूजा-अर्चना नहीं करने देता था. रक्षाबंधन पर भी मायके नहीं आने देता था.
