
*जिला कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष ने पदभार सम्हाला*
ग्वालियर। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव ने सोमवार को कांग्रेस भवन पहुँचकर अपना पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र शर्मा ने उन्हें पदभार सौंपा। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री भगवान सिंह यादव, बालेंदु शुक्ला, पूर्व सांसद रामसेवक बाबूजी, विधायक डॉ. सतीश सिंह सिकरवार, साहब सिंह गुर्जर, सुरेश राजे, प्रदेश प्रवक्ता धर्मेन्द्र शर्मा, राम पांडे, आर.पी. सिंह, ग्रामीण अध्यक्ष प्रभूदयाल जौहरे, प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा, संगठन प्रभारी महाराज सिंह पटेल, दशरथ सिंह गुर्जर उपस्थित थे।
इस मौके पर जिला कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव ने कहा कि यह मेरे लिए गर्व का विषय है कि आज मुझे शहर जिला कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष पद संभालने का अवसर मिला। उन्होंने पूर्व अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र शर्मा का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि निवर्तमान अध्यक्ष ने अपने कार्यकाल में संगठन को मजबूत आधार दिया और कार्यकर्ताओं को सदैव प्रेरित किया। मैं उनके अनुभव और मार्गदर्शन से आगे भी लाभान्वित होता रहूँगा। उन्होंने कहा कि उनका संकल्प है कि वह कांग्रेस पार्टी की विचारधारा और सिद्धांतों को घर-घर तक पहुँचाएंगे और जनता की समस्याओं को संघर्ष के माध्यम से उजागर कर उनके समाधान के लिए काम किया जाएगा। हम सब मिलकर पूरी निष्ठा और एकजुटता से संगठन को मजबूत करेंगे और आगामी चुनावों में कांग्रेस पार्टी को विजय दिलाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। वहीं निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र शर्मा ने कहा कि आज मेरे लिए यह अवसर गर्व और भावुकता का संगम है। शहर जिला कांग्रेस कमेटी की जिम्मेदारी को मैंने अपने कार्यकाल में पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाने का प्रयास किया। इस दौरान मुझे सबका अपार सहयोग और मार्गदर्शन मिला, जिसके लिए हृदय से आभारी हूँ।
