मंगलवार को हो सकता है एशिया कप और महिला विश्वकप के लिए भारतीय टीम का ऐलान

मुम्बई 18 अगस्त (वार्ता) अगले महीने होने वाले एशिया कप के लिए मंगलवार को भारतीय टीम की घोषणा हो सकती है। इसके अलावा नीतू डेविड की अगुवाई वाली चयन समिति 30 सितंबर से शुरू हो रहे महिला विश्वकप के लिए भारत की 15 सदस्यीय टीम चुनेगी।

चयनकर्ता एशिया कप के लिए टीम चुनने के लिए मंगलवार को मुंबई में बैठक करेंगे।ऐसा माना जा रहा और टीम का चयन पारंपरिक ज्ञान और आम उम्मीदों से हटकर हो सकता हैं। ऐसे में इंग्लैंड दौरे में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल और तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज के लिए टीम में जगह बनाना मुश्किल हो सकता है।

चयनकर्ताओं से अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन की मौजूदा जोड़ी को ही चुनने की उम्मीद है। तीसरे सलामी बल्लेबाज के लिए हमेशा जगह होती है, और गिल का नाम चर्चा होनी तय है, लेकिन यशस्वी जायसवाल इस भूमिका के लिए मजबूत दावेदार हैं।

टीम में अन्य बल्लेबाजों में तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव और रिंकू सिंह शामिल हो सकते हैं, एक और बल्लेबाजी स्थान पर अभी फैसला होना बाकी है। शिवम दुबे और वाशिंगटन सुंदर दावेदार हैं। जितेश शर्मा के दूसरे विकेटकीपर की जगह लेने की उम्मीद है।

एंडरसन-तेंदुलकर श्रृंखला में अपने जोशीले प्रदर्शन से सबसे अधिक विकेट लेने वाले और वर्तमान में देश के चहेते सिराज को जगह पाने में संघर्ष करना पड़ सकता है, क्योंकि दुनिया के सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को आक्रमण की अगुवाई करने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा और हर्षित राणा में से एक (या दोनों) के लिए जगह मिलने की उम्मीद है। हार्दिक पांड्या, जिन्होंने टी20 विश्व कप में महत्वपूर्ण आखिरी ओवर फेंका था, टीम में दूसरे तेज गेंदबाज होंगे। कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई और उप-कप्तान अक्षर पटेल, स्पिनर होंगे और वाशिंगटन सुंदर संभावित खिलाड़ी हो सकते है।

महिला विश्वकप के लिए भी कल टीम की घोषणा हो सकती है। अगर हालिया प्रदर्शन के आधार पर भारतीय टीम पर नजर डालें तो शीर्ष छह में से चार बल्लेबाजो की जगह बिल्कुल पक्की है। इस सूची में स्मृति मांधना, हरमनप्रीत कौर, जेमिमाह रॉड्रिग्स और ऋचा घोष का नाम शामिल है। पिछले कुछ सीरीज से प्रतिका रावल ने मांधना के साथ भारतीय टीम को काफी अच्छी शुरुआत दिलाई है। उन्होंने 14 पारियों में 703 रन बनाए हैं और औसत 54.07 का रहा है। यह रन उन्होंने 88 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं। इसी तरह पिछले साल चोट से वापसी करने के बाद हरलीन देओल ने भी अपने खेल में निरंतरता दिखाई है। उन्होंने दिसंबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना पहले वनडे शतक भी लगाया था।

यास्तिका भाटिया की स्थान की बात करें तो ऋचा घोष के बाद वह भारत की दूसरी विकेटकीपर विकल्प हो सकती हैं। यास्तिका की बल्लेबाजी क्षमता के कारण उनका चयन और भी आसान बन जाता है। यही वजह है कि भारतीय चयन समिति के लिए शेफाली को टीम में सेट करना थोड़ा मुश्किल है। इसमें कोई दो मत नहीं है कि उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वयं को कई बार साबित किया है। इंग्लैंड में उनका प्रदर्शन भी अच्छा था।

अमनजोत कौर भारतीय टीम के लिए अच्छी ऑलराउंडर के रूप में उभरी हैं। इंग्लैंड में जब भारतीय टीम ने टी-20 सीरीज जीती तो अमनजोत को इस्तेमाल दूसरे सीम गेंदबाज के रूप में किया गया। उस सीरीज में उन्होंने 13 ओवर में तीन विकेट लिए और साथ ही नाबाद 63 रनों की शानदार मैच जिताने वाली पारी खेलकर अपनी बल्लेबाजी क्षमता का भी प्रदर्शन किया। अगर अमनजोत को जगह मिलती है, तो संभव है कि भारत को तीसरे स्पेशलिस्ट सीमर की जरूरत न पड़े। उस स्थिति में, अरुंधति रेड्डी जैसी खिलाड़ी का चयन शायद न हो। उनके बजाय चयनकर्ता शेफाली या एक रिस्ट स्पिनर को टीम में शामिल करने के बारे में सोच सकता है।

अगर विशेषज्ञ स्पिनरों की बात की जाए तो श्रीलंका त्रिकोणीय सीरीज़ में शानदार वापसी करने वाली स्नेह राणा और एन श्री चरणी का नाम शामिल है। इनके साथ दीप्ति शर्मा और राधा यादव भी हैं। वहीं श्रेयंका पाटिल और मिन्नू मणि ऐसे ऑफस्पिन ऑलराउंडर हैं जिन पर चर्चा की जा सकती है।

 

Next Post

रुपया 20 पैसे मजबूत

Mon Aug 18 , 2025
मुंबई, 18 अगस्त (वार्ता) घरेलू स्तर पर मजबूत निवेश धारणा के दम पर रुपया सोमवार को 20 पैसे मजबूत हुआ और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 87.39 रुपये का बोला गया। वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) प्रणाली में अगले चरण के सुधारों के ऐलान के बाद शेयर बाजारों और […]

You May Like