बिटडेल्टा इंडिया ने क्रिप्टो ट्रेडिंग प्रशिक्षण के लिए शुरू किया ‘क्रिप्ट्यूशन’

नयी दिल्ली, 23 जुलाई (वार्ता) आभासी डिजिटल संपत्ति (वीडीए) ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म ‘बिटडेल्टा’ ने गुरुवार को क्रिप्टो ट्रेडिंग प्रशिक्षण के लिए ‘क्रिप्ट्यूशन’ शुरू करने की घोषणा की। बिटेडेल्टा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विकास सचदेवा ने कहा कि संस्थागत स्तर का क्रिप्टो एसेट्स प्रशिक्षण और प्रमाणपत्र देने वाला यह देश का पहला पारितंत्र है। उन्होंने कहा कि देश में 12 करोड़ क्रिप्टो यूजर हैं और सालाना तकरीबन 340 अरब डॉलर का कारोबार होता है। हालांकि उपभोक्ता जागरूकता का स्तर मात्र 15 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि सही प्रशिक्षण न मिलने के कारण क्रिप्टो ट्रेडिंग में लोगों को नुकसान उठाना पड़ता है। सोशन इंजीनियरिंग अटैक में भारतीय क्रिप्टो यूजर हर साल 368 करोड़ रुपये गंवा देते हैं।

श्री सचदेवा ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए कंपनी ने ‘अमेरिकन एकेडमी ऑफ फाइनेंशियल मैनेजमेंट (एएएफएम) इंडिया’ से करार किया है। एएएफएम 150 देशों में तीन लाख से ज्यादा क्रिप्टो ट्रेडिंग पेशेवर तैयार कर चुका है। इस पाठ्यक्रम में कम से कम 10 घंटे का प्रायौगिक प्रशिक्षण भी शामिल है। कंपनी ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य निवेशकों को असली बाजार में उतरने से पहले सही मार्गदर्शन में पढ़ाई, सिमुलेशन द्वारा बाजार का व्यावहारिक अनुभव और योग्यता-आधारित प्रमाणन देकर इस क्षेत्र में औपचारिक प्रशिक्षण की कमी को पूरा करना है।

यह व्यवस्थित शिक्षा अलग-अलग भाषाओं, क्षेत्रों और हर वर्ग के लोगों के लिए आसानी से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार की गयी है ताकि मझौले और छोटे शहरों के लोग भी इसका लाभ उठा सकें।
अमेरिकन एकेडमी ऑफ फाइनेंशियल मैनेजमेंट इंडिया के कार्यकारी निदेशक रोमित बारात ने कहा, “सही और भरोसेमंद वित्तीय शिक्षा व्यवस्थित, मापने योग्य और मान्यता प्राप्त मानकों पर आधारित होनी चाहिये। ‘बिटडेल्टा इंडिया’ के साथ हमारी साझेदारी के माध्यम से ‘क्रिप्ट्यूशन’ अंतरराष्ट्रीय स्तर की शिक्षा की गंभीरता प्रदान करता है। इसमें एक तय पाठ्यक्रम, पारदर्शी परीक्षाएं और विशेष प्रमाणन शामिल हैं।” ‘क्रिप्ट्यूशन’ के तहत तीन विशेष कोर्स ऑफर किये जाते हैं। निवेश की बुनियादी जानकारी के लिए ‘सर्टिफाइड वर्चुअल एसेट इनवेस्टर’, वित्तीय सलाहकारों को इस क्षेत्र की गहरी समझ देने के लिए ‘सर्टिफाइड वर्चुअल एसेट प्रैक्टिशनर’, और एडवांस ट्रेडिंग, मार्केट एनालिसिस तथा जोखिम प्रबंधन सीखने के लिए ‘सर्टिफाइड वर्चुअल एसेट ट्रेडर’ कोर्स शामिल हैं।

.....

Next Post

चलते ट्रक में लगी भीषण आग, अनार से भरा वाहन जलकर हुआ खाक

Thu Jul 23 , 2026
सिवनी। जिले के धूमा थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बंजारी घाटी के पास बुधवार देर रात अनार से लदे एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। चालक और परिचालक ने समय रहते ट्रक से […]

You May Like