
सिवनी। जिले के धूमा थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बंजारी घाटी के पास बुधवार देर रात अनार से लदे एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। चालक और परिचालक ने समय रहते ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली, जबकि ट्रक और उसमें लदा अनार पूरी तरह जलकर राख हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनार से लदा ट्रक महाराष्ट्र के नाशिक से उत्तर प्रदेश के वाराणसी (बनारस) जा रहा था। बंजारी घाटी से गुजरते समय अचानक ट्रक से धुआं निकलने लगा। चालक कुछ समझ पाता, उससे पहले ही आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देता रहा, जिससे कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही धूमा थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि दमकल वाहन के पहुंचने तक ट्रक का अधिकांश हिस्सा आग की भेंट चढ़ चुका था। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रक और उसमें भरा लाखों रुपये मूल्य का अनार पूरी तरह जल चुका था।
प्राथमिक जांच में आग लगने का संभावित कारण शॉर्ट सर्किट अथवा इंजन में तकनीकी खराबी माना जा रहा है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एक लेन से वाहनों की आवाजाही सुचारु कराई, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। राहत की बात यह रही कि इस घटना की चपेट में कोई अन्य वाहन नहीं आया और चालक-परिचालक सुरक्षित बच गए।
