
भोपाल। कलेक्टर कार्यालय में सोमवार समय सीमा कार्यो की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने सभी विभागों के अधिकारियों कार्यो को लेकर जानकारी प्राप्त की. विभागों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि गर्मी में कई जगहों पर पानी की समस्या का पता चल रहा है. पेयजल से जुड़ी शिकायतें आ रही हैं. संबंधित अधिकार तत्काल पानी की समस्याओं का निराकरण करें. यदि समय पर समस्या दूरी नहीं की गई तो सख्त कार्रवाई करूंगा. पेयजल वाले मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. खराब हैंडपंपों एवं जल स्रोतों के सुधार कार्यों को जल्द पूरा करें. लोगों को मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है. बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, पीएम जनमन एवं धरती आबा अभियान, आधार सत्यापन, जल गंगा संवर्धन अभियान व अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की समीक्षा की.
सूखा राहत नियंत्रण कक्ष पर पेयजल की शिकायत करें
सूखा राहत कार्य प्रभारी ने कलेक्टर को बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट संबंधी शिकायतों के जल्द समाधान के लिए जिला स्तर पर सूखा राहत नियंत्रण कक्ष संचालित किया जा रहा है. नागरिक पेयजल संबंधी समस्याएं फोन नंबर 0755-2924467 पर दर्ज करा सकते हैं. यह नियंत्रण कक्ष हर दिन सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक दो पालियों में कार्यरत है.
पटाखा प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करने के निर्देश
कलेक्टर मिश्रा ने सभी एसडीएम को विस्फोटक व पटाखा प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण कर मासिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करने और अनधिकृत गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया.
पीएम जनमन एवं धरती आबा अभियान
कलेक्टर ने कहा कि पीएम जनमन एवं धरती आबा अभियान के तहत भानपुर केकडिय़ा ग्राम में आयोजित विशेष हितग्राही शिविरों के बारे संबंधित विभागों को जनजातीय समुदायों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने, मैदानी संपर्क बढ़ाने तथा स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा सेवाओं की पूर्ण संतृप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
आधार सत्यापन के विशेष शिविर लगाएं
18 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों के आधार सत्यापन तथा 100 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में एडीएम, संयुक्त कलेक्टर, सभी एसडीएम, जिला पंचायत के अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे.
