शिवपुरी: सोशल मीडिया पर चर्चित ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का प्रभाव अब जमीनी स्तर पर भी दिखने लगा है। युवाओं ने एक प्रेस वार्ता आयोजित कर शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक और छात्र संबंधी मुद्दों को उठाया। उन्होंने सरकार से शिक्षा नीतियों में सुधार और परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने की मांग की। प्रेस वार्ता में बिक्की यादव ने हाल ही में हुए नीट परीक्षा पेपर लीक जैसे मामलों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं ने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है। यादव ने बताया कि इस प्रेस वार्ता का उद्देश्य शिक्षा से जुड़े मुद्दों और युवाओं की आवाज सरकार तक पहुंचाना है, क्योंकि वर्तमान शिक्षा नीति में बड़े बदलाव की आवश्यकता है।
युवाओं ने सरकार से पेपर लीक मामलों के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने याद दिलाया कि वर्ष 2024 में पेपर लीक को लेकर लाए गए कानून में 10 साल तक की सजा और एक करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। इसके बावजूद लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों से युवाओं में आक्रोश है। उन्होंने नीट पेपर लीक के सभी आरोपियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि पार्टी के फाउंडर अभिजीत द्वारा शिक्षा मंत्री से नीट पेपर लीक मामले में इस्तीफे की मांग की गई है, जिसका वे समर्थन करते हैं। उनका कहना था कि नैतिक जिम्मेदारी के आधार पर संबंधित जिम्मेदार लोगों को पद छोड़ देना चाहिए।
