स्वर्ण बाग कॉलोनी में नलों से गंदा और कीड़े युक्त पानी आ रहा

इंदौर:अव्यवस्था और दूषित पानी को लेकर पिछले कुछ दिनों से शहर में हाहाकार मचा हुआ है. हालांकि, दूषित पानी की समस्या कई वर्षों पुरानी है, जिस पर जानबूझकर अनदेखी की गई है और करोड़ों के बजट को आरपार कर दिया गया. वर्षों से चली आ रही मूलभूत समस्याओं पर उचित ध्यान नहीं दिया गया है. जब नागरिक बुनियादी सुविधाओं, जैसे स्वच्छ पानी से वंचित होते हैं, तो यह सीधे तौर पर जन स्वास्थ्य और जीवन की गुणवत्ता को प्रभावित करता है. यह आवश्यक है कि प्रशासन इन समस्याओं को प्राथमिकता दे और यह सुनिश्चित करे कि आवंटित बजट का उपयोग नागरिकों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी ढंग से किया जाए.

भागीरथपुरा कांड के बाद वार्ड क्रमांक 37 से भी दूषित पानी की समस्या सामने आई है. यह वार्ड पूर्वी रिंग रोड के पश्चिम क्षेत्र से एमआईजी चौराहा के बीच में पड़ता है. वार्ड के स्वर्ण बाग कॉलोनी के रहवासियों ने बताया कि पिछले कई वर्षों से क्षेत्र में दूषित पानी की समस्या बनी हुई है, जिसका निराकरण आज तक नहीं हो पाया है. रिंग रोड के नजदीकी पडऩे वाली पहली गली के रहवासी बताते हैं कि सुबह पौन घंटे नल चलते हैं, जिसमें से 15 मिनट पानी दूषित आता है, बाकी पानी को पीने योग्य बनाया जाता है. अगर पानी की किल्लत क्षेत्र में बढ़ती है तो लोग बोरिंग से पानी लेते हैं. बोरिंग पर अधिक भार होने के कारण कई बार मोटर जल जाती है और कई-कई दिनों तक ठीक नहीं कराई जाती परिणामस्वरूप बोरिंग भी बंद पड़ा रहता है. ऐसी स्थिति में रहवासियों को आसपास के क्षेत्र में जाकर पानी की व्यवस्था करना पड़ती है.

यह बोले स्वर्ण बाग कॉलोनी के रहवासी

पहले इतना गंदा पानी आता था कि सभी बोरिंग पर निर्भर थे, अभी 7 से 7.45 बजे तक नल आते हैं, जिसमें शुरुआत में बहुत ज्यादा दूषित पानी आता है, फिर बाद में साफ पानी आता है.
– विजय सिंह

दूषित पानी के बाद यूं तो साफ पानी आने लगता है, परंतु उसमें भी कई बार कीड़े नजर आते हैं. दूषित पानी की समस्या को देखते हुए आशंका है कि बहुत जल्दी भागीरथपुरा जैसी घटना यहां भी हो सकती है.
– गौतम राजपूत

नलों से बहुत ही ज्यादा बदबूदार पानी आता है, जिसमें कीड़े बिलबिलाते रहते हैं. साफ पानी में कीड़े नजर नहीं आते. पानी को इस्तेमाल करने के लिए उसे उबालकर रखते हैं. इस समस्या का जल्दी से जल्दी निराकरण होना चाहिए.
– आनंद राजपूत

तुरंत पाइप लाइन चेक करवाकर समस्या का निराकरण करेंगे

दूषित पानी को लेकर जहां से भी शिकायत आती है, हम चेक करवाते हैं. आप जिस स्थान का बता रहे हैं, वहां लोगों से बात कर तुरंत पाइप लाइन चेक करवाई जाएगी, ताकि समस्या का निराकरण जल्दी हो सके.
– संगीता जोशी, पार्षद

Next Post

जी-हब पहल से इंदौर बनेगा क्षेत्रीय आर्थिक विकास का प्रमुख इंजन

Sat Jan 10 , 2026
इंदौर:मध्यप्रदेश राज्य नीति आयोग द्वारा राज्य में क्षेत्रीय आर्थिक विकास को सुदृढ़ और संतुलित बनाने के उद्देश्य से जी-हब (ग्रोथ हब) पहल प्रारंभ की गई है. इस पहल के अंतर्गत इंदौर आर्थिक क्षेत्र एवं भोपाल आर्थिक क्षेत्र को प्रदेश के विकास के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किए जाने […]

You May Like