
खरगापुर। कुड़ीला थाना क्षेत्र के मुंडूबरिया गांव में सनसनी कुड़ीला थाना अंतर्गत ग्राम मुंडूबरिया में जमीनी विवाद को लेकर हुए झगड़े में 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनका अहिरवार (65 वर्ष), पिता गनशु अहिरवार, निवासी मुंडूबरिया का गांव के ही गज्जू अहिरवार, पिता गिददू अहिरवार निवासी मुंडूवरिया (दोह) के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई।
आरोप है कि मारपीट के दौरान गज्जू अहिरवार ने मनका अहिरवार के साथ लात-घूंसों से मारपीट की और गुप्तांग में जोरदार लात मारी। गंभीर चोट लगने से मनका अहिरवार की हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही कुड़ीला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद को घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
