सतना : पिछले पखवाड़े भर से जारी भीषण गर्मी और जबरदस्त लू के असर के चलते हलाकान हो रहे लोगों को फौरी राहत उस वक्त मिलती नजर आई जब गुरुवार-शुक्रवार की देर रात 48 किमी प्रति घंटे के रफ्तार से आंधी चलने लगी. हलांकि आंधी की वजह से घंटों बिजली गुल रहने के कारण लोगों की परेशानी कम नहीं हो सकी. लेकिन अगले दिन तापमान में गिरावट की वजह से हीटे वेव का असर समाप्त हो गया.मौसम कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को शहर में दिन का अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. इस लिहाज से दिन के अधिकतम तापमान में न सिर्फ 5.6 डिग्री सेल्सियस की कमी देखने को मिली.
बल्कि यह सामान्य की तुलना में 2.5 डिग्री कम आंका गया. इतना ही नहीं बल्कि देर रात चली आंधी की वजह से रात के न्यूनतम तापमान में 24 घंटे के भीतर 5.7 डिग्री सेल्सियस की अप्रत्याशित गिरावट देखने को मिली. इसी कड़ी में न्यूनतम तापमान सामान्य की तुलना में भी 3.6 डिग्री नीचे गिर गया. देर रात हुए मौसमी फेरबदल का नतीजा यह रहा कि शुक्रवार की सुबह खासी सुहानी हो गई. हलांकि दिन चढऩे के साथ ही चिलचिलाती धूप ने अपना असर दिखाना शुरु कर दिया. लेकिन इसके बावजूद भी हीट वेव की स्थितियां नहीं बनने पाईं. जिसके चलते शुक्रवार को लोगों ने कुछ हद तक राहत की सांस ली. यह बात और है कि अ ास पास के क्षेत्र में हुई हल्की बारिश की वजह से हवा में बढ़ी हुई नमी की मात्रा में कुछ हद तक उमस बनाए रखी.
नौतपा समाप्ति से पहले राहत
हलांकि भीषण गर्मी और जबरदस्त हीट वेव की वजह से इस वर्ष नौतपा का आगाज काफी प्रभावी बना रहा. लेकिन देश के अलग अलग हिस्से ममें बन रहे सिस्टम इस बात का इशारा कर रहे हैं कि नौतपे की समाप्ति होने तक भीषण गर्मी और हीट वेव से कुछ हद तक राहत मिल सकती है. वैसे मौसमी फेरबदल के जरिए मिलने वाली यह राहत फौरी ही मानी जाएगी, क्योंकि भीषण गर्मी से विंध्य को वास्तविक राहत तभी मिलेगी जब यहां पर प्री मानसूनी गतिविधियां अपने चरम पर पहुंचेंगी.
वज्रपात से वृद्ध की मौत
देर रात गरज-चमक के साथ चली आंधी की वजह से एक ओर जहां जिले के कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंबे गिर जाने की घटनाएं सामने आईं. वहीं दूसरी ओर वज्रपाती की चपेट में आने से एक वृद्ध की मौत हो गई. बताया गया कि सभापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मौदहा निवासी 75 वर्षीय वृद्ध प्रीतम पाल अपने घर के बाहर सो रहे थे. इसी दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई. वहीं आंधी चलने के कारण शहर सहित जिले भर में अलग अलग स्थानों पर विद्युत वितरण व्यवस्था छिन्न-भिन्न होती नजर आई
