सतना: खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्रशासन के संभागीय उड़नदस्ता दल द्वारा जिला मैहर के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर निर्माण इकाइयों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य आमजन को सुरक्षित एवं मानक स्तर का पेयजल उपलब्ध कराना तथा निर्माण इकाइयों में स्वच्छता, गुणवत्ता एवं विधिक मानकों के अनुपालन की जांच करना था।
कार्यवाही के दौरान निम्नलिखित प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के अंतर्गत वैधानिक कार्यवाही की गई.अग्रवाल मिनरल्स,पटेहरा कटनी रोड, जिला मैहर एवं माँ शारदा बेवरेज हरदुआ कला, जिला मैहर का निरीक्षण के दौरान प्लांट में निर्मित किए जा रहे पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर का नमूना नियमानुसार संकलित किया गया।
जारी निर्देश एवं अग्रिम कार्यवाही
निरीक्षण के दौरान दोनों ही निर्माताओं/खाद्य कारोबारकर्ताओं को FSSAI लाइसेंस की शर्तों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। विशेष रूप से समयबद्ध जल परीक्षण, खाद्य ग्रेड सामग्री का उपयोग, उत्पादन इकाई में साफ-सफाई एवं स्वच्छता बनाए रखने तथा अन्य निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
संग्रहित किए गए पेयजल नमूनों को परीक्षण एवं विश्लेषण हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत नियमानुसार आगामी वैधानिक/न्यायालयीन कार्यवाही की जाएगी।
इस कार्यवाही में श्री अमरीश दुबे उड़नदस्ता प्रभारी, श्री अभिषेक बिहारी गौड़, खाद्य सुरक्षा अधिकारी एवं श्री ओम प्रकाश साहू, खाद्य सुरक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।
