
छापीहेड़ा। जिले में अवैध नशे के कारोबार के विरुद्ध सतत अभियान जारी है. इसी तारतम्य में छापीहेड़ा क्षेत्र में खेत स्थित मकान से अवैध देशी एवं अंग्रेजी शराब जप्त की.
थाना छापीहेड़ा पुलिस को मुखबिर द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि छापीहेड़ा क्षेत्र में एक खेत स्थित मकान में अवैध देशी एवं अंग्रेजी शराब का भंडारण किया गया है. सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम द्वारा दबिश दी गई.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के.एल. बंजारे के निर्देशन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अरविंद सिंह राठौर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी छापीहेड़ा हुकुम सिंह मीणा के नेतृत्व में कार्यवाही की गई. कुल 50 पेटी 446 लीटर अवैध देशी एवं अंग्रेजी शराब अनुमानित कीमत 1 लाख 97 हजार 220 रुपये जप्त की. जप्त सामग्री में 18 पेटी बोल्ट व्हिस्की, 16 पेटी देशी प्लेन, 6 पेटी देशी मसाला, 8 पेटी एम.डी. रम एवं 2 पेटी इंपीरियल ब्लू शामिल है. थाना छापीहेड़ा में धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जा रही है.
