
पांढुरना, पांढुरना संभाग अंतर्गत विभिन्न वितरण केंद्रों में कार्यरत विद्युत कर्मचारियों के लिए 22 जून 2026, सोमवार को वितरण केंद्र पांढुरना (शहर) में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना, उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत सेवाएं प्रदान करना तथा बारिश के समय उत्पन्न होने वाली विषम परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटना रहा। इस दौरान महिला लाइन कर्मियों ने भी फील्ड में उतरकर प्रशिक्षण प्राप्त किया।
कार्यक्रम में नोडल अधिकारी राधेश्याम डावर तथा सहायक अभियंता (उपसंभाग प्रथम) के मार्गदर्शन में कर्मचारियों को विद्युत कार्यों से संबंधित महत्वपूर्ण प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान विद्युत सुरक्षा, जले एवं खराब मीटरों को बदलने, डीटीआर के डीओ बदलने, फ्यूज परिवर्तन, मीटर डेटा की जांच, अर्थिंग परीक्षण तथा उपभोक्ताओं की विद्युत शिकायतों के त्वरित निराकरण संबंधी आवश्यक जानकारी दी गई।
कार्यपालन अभियंता कार्यालय द्वारा जारी आदेशानुसार आयोजित इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों की कार्यकुशलता में वृद्धि करना तथा उपभोक्ताओं को अधिक प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराना है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित समय पर उपस्थित रहे तथा विद्युत व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक तकनीकी जानकारियां प्राप्त कीं।
