मुंबई, 18 अगस्त (वार्ता) घरेलू स्तर पर मजबूत निवेश धारणा के दम पर रुपया सोमवार को 20 पैसे मजबूत हुआ और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 87.39 रुपये का बोला गया।
वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) प्रणाली में अगले चरण के सुधारों के ऐलान के बाद शेयर बाजारों और मुद्रा बाजार में निवेश धारणा मजबूत हुई है। इससे रुपये में आज तेजी रही।
भारतीय मुद्रा 12.50 पैसे प्रति डॉलर की बढ़त में 87.4650 रुपये प्रति डॉलर पर खुली। इसका दिवस का निचला स्तर 87.48 रुपये प्रति डॉलर और उच्चतम स्तर 87.33 रुपये प्रति डॉलर रहा। अंत में यह गत दिवस की तुलना में 20 पैसे की मजबूती के साथ 87.39 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुई।
शेयर बाजारों के प्रमुख सूचकांकों में लगभग एक प्रतिशत की तेजी ने रुपये को बल दिया। साथ ही कच्चे तेल में 0.15 प्रतिशत की गिरावट से भी रुपया मजबूत हुआ। हालांकि दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर में रही तेजी ने रुपये की मजबूती को सीमित रखा।
