ऐतिहासिक फैसले के बाद भोजशाला में उमड़े श्रद्धालु: मां वाग्देवी की उतारी आरती, शहर में पुलिस का फ्लैग मार्च

संजय बाजपेई धार। ऐतिहासिक भोजशाला को हाई कोर्ट द्वारा वाग्देवी मंदिर माने जाने के बाद शनिवार सुबह से ही यहां पूजा-अर्चना शुरू हो गई। सूर्योदय से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां वाग्देवी के दर्शन और पूजन के लिए भोजशाला पहुंचे। मंदिर जयकारों की आवाज से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने मां वाग्देवी की आरती कर फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए खुशी जाहिर की। उधर, प्रशासन भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अलर्ट मोड पर रहा।

गौरतलब है कि इंदौर हाई कोर्ट ने शुक्रवार को एएसआई सर्वे रिपोर्ट और उपलब्ध पुरातात्विक साक्ष्यों के आधार पर भोजशाला परिसर को मंदिर माना है। साथ ही 2003 के उस आदेश को निरस्त कर दिया गया, जिसमें शुक्रवार को नमाज की अनुमति दी गई थी। भोज उत्सव समिति के सदस्यों ने इसे वर्षों पुराने संघर्ष, आंदोलनों और कानूनी लड़ाई को याद करते हुए इसे सनातन आस्था की बड़ी जीत बताया। फैसले के बाद धार सहित आसपास के क्षेत्रों में भी पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क बना हुआ है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।

विशाल फ्लैग मार्च निकाला

शनिवार को दूसरे दिन भी एडिशनल एसपी विजय डावर और सांवेर एसडीओपी देवेंद्र धुर्वे के नेतृत्व में शहर में विशाल पुलिस फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च नगर के प्रमुख मार्गों, व्यस्त बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरा। इस दौरान भारी पुलिस बल, दंगा नियंत्रण वाहन और सुरक्षा जवान तैनात रहे। पुलिस अधिकारियों ने आमजन से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि प्रशासन हर परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

भोजशाला में तैनात रहा भारी फोर्स

भोजशाला परिसर के बाहर भी बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। मंदिर परिसर के आसपास बैरिकेडिंग कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। प्रशासन द्वारा भोजशाला आने-जाने वाले मार्गों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो सके। प्रशासन द्वारा सोशल मीडिया पर भी विशेष मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि किसी प्रकार की अफवाह फैलने न पाए।

Next Post

गुजरात टाइटंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का किया फैसला

Sat May 16 , 2026
कोलकाता, 16 मई (वार्ता) गुजरात टाइटंस ने शनिवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 60वें मुकाबले में टॉस जीतकर कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। आज यहां गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने कहा हम पहले गेंदबाजी करेंगे। कल थोड़ी बरसात हुई थी। […]

You May Like