
सलामतपुर।बसांची विकासखंड के ग्राम अंबाडी में ऊपरी सड़क मार्ग पर स्थित हैंडपंप पिछले तीन महीनों से खराब पड़ा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि इसकी जानकारी कई बार पीएचई विभाग को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक किसी ने इसकी सुध नहीं ली है।
ग्रामीणों ने बताया कि जब नल-जल योजना के तहत आने वाली पाइपलाइन से जल आपूर्ति बाधित होती है या बिजली गुल रहती है, तब यही हैंडपंप गांव का प्रमुख जलस्रोत बन जाता है। मगर इसके बंद होने से ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
गांव के निवासियों ने बताया कि शिकायतें कई बार विभागीय अधिकारियों तक पहुंचाई गईं, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। अब यह हैंडपंप मवेशियों को बांधने की जगह बन गया है, जिससे स्वच्छता की स्थिति भी बिगड़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि विभाग शीघ्र ही हैंडपंप की मरम्मत करवाए, ताकि उन्हें पेयजल संकट से राहत मिल सके।
