नयी दिल्ली, 23 जुलाई (वार्ता) दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने एमसीडी स्कूल की शिक्षिका सुमन लता की कथित तौर पर मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) ड्यूटी के दबाव के बीच दिल का दौरा पड़ने से हुई मौत पर गहरा दुख जताते हुए उनके परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मांग की।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने आरोप लगाया कि शिक्षकों पर पढ़ाई के साथ एसआईआर का अतिरिक्त कार्यभार थोपने से यह दुखद घटना हुई। उन्होंने कहा कि गत 18 अप्रैल को उपराज्यपाल को पत्र लिखकर बीएलओ बनाये गये शिक्षकों पर बढ़ते कार्यभार और तनाव को लेकर आगाह किया था। उनका दावा है कि सरकार ने चेतावनी को नजरअंदाज किया, जिसके कारण ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इससे पहले आठ जुलाई को एसआईआर ड्यूटी के दबाव में एक सरकारी स्कूल के शिक्षक ने आत्महत्या का प्रयास किया था।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि शिक्षकों को चुनाव संबंधी कार्यों में लगाने से सरकारी स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में शिक्षक बीएलओ ड्यूटी में लगाए जाने से छात्र-शिक्षक अनुपात बिगड़ गया है और कई स्कूल अतिथि शिक्षकों के भरोसे चल रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि विभिन्न राज्यों में भी एसआईआर ड्यूटी के दौरान कई अधिकारियों और शिक्षकों की मौत तथा आत्महत्या के मामले सामने आये हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को चुनावी कार्यों से मुक्त कर उनका प्राथमिक दायित्व छात्रों की पढ़ाई सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
