इसी महीने शुरू होगी भारत और चीन के बीच सीधी उडान सेवा

नयी दिल्ली 02 अक्टूबर (वार्ता) भारत और चीन ने संबंधों को सामान्य बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाते हुए इस महीने के अंत में चुनिंदा स्थानों से सीधी उडान सेवा की बहाली करने पर सहमति व्यक्त की है। इस सहमति से दोनों देशों के बीच पिछले पांच वर्ष से बंद सीधी उडान सेवाओं की बहाली का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

विदेश मंत्रालय ने गुरूवार को एक वक्तव्य जारी कर कहा कि दोनों देशों के नागरिक उड्डयन प्राधिकरणों के बीच चल रही तकनीकी स्तर की चर्चा में यह सहमति बनी है कि दोनों देशों के निर्दिष्ट स्थानोंं को जोड़ने वाली सीधी उडान सेवा इस महीने के अंत तक फिर से शुरू हो सकती है।

उल्लेखनीय है कि दोनों देशों की सेनाओंं के बीच पूर्वी लद्दाख में वर्ष 2020 में हुई हिंसक झड़प के बाद से सीधी उडान सेवा बंद है।

मंत्रालय ने कहा है कि इस वर्ष के शुरू से भारत और चीन के बीच संबंधों को धीरे-धीरे सामान्य बनाने की दिशा में सरकार के प्रयासों के तहत दोनों देशों के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण सीधी हवाई सेवाओं को फिर से शुरू करने और एक संशोधित हवाई सेवा समझौते पर तकनीकी स्तर की चर्चा कर रहे थे।

वक्तव्य में कहा गया है कि चर्चा के बाद अब यह सहमति बनी है कि भारत और चीन के निर्दिष्ट स्थानों को जोड़ने वाली सीधी हवाई सेवाएं इस महीने के अंत तक, शीतकालीन मौसम के कार्यक्रम के अनुसार, दोनों देशों के निर्दिष्ट वाहकों के वाणिज्यिक निर्णय और सभी परिचालन मानदंडों की पूर्ति के अनुरूप फिर से शुरू हो सकती हैं।

मंत्रालय ने कहा है कि नागरिक उड्डयन प्राधिकरणों का यह समझौता भारत और चीन के लोगों के बीच संपर्क को और सुगम बनाएगा, जिससे द्विपक्षीय आदान-प्रदान के धीरे-धीरे सामान्य होने में मदद मिलेगी।

Next Post

दशहरा पर्व पर पानी सप्लाई प्लांट और नगर पालिका वाहनों का विशेष पूजन

Thu Oct 2 , 2025
इटारसी। दशहरा पर्व के पावन अवसर पर नगर पालिका परिषद इटारसी द्वारा शहर के प्रमुख पानी सप्लाई प्लांट (समवेल), खेड़ा पर विशेष पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा और नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने विधिपूर्वक संयंत्र की पूजा-अर्चना की। पूजन कार्यक्रम में मुख्य […]

You May Like