
झाबुआ। पूर्व सांसद स्व. दिलीपसिंह भूरिया की स्मृति में भाजपा जिलाध्यक्ष भानू भूरिया मित्र मंडल द्वारा प्रथम जिला स्तरीय बांसुरी (वांहली) वादन प्रतियोगिता का आयोजन 10 अगस्त की दोपहर 12.30 बजे से गरबा ग्राउंड राजगढ़ नाका पर किया गया। जिसमें जिलेभर से आए आदिवासी ग्रामीण युवाओं द्वारा एकल एवं समूह में बांसुरी (वांहली) की प्रस्तुति दी। बांसुरी की समधुर एवं मनमोहक आवाज ने उपस्थित अतिथि एवं सभी दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। पूरा राजगढ़ नाका बांसुरी की तान से गूंजायमान हुआ। आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया, जनजाति विकास मंच के प्रांत प्रमुख राजेश डामोर एवं भाजपा अजजा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष कलसिंह भाबोर उपस्थित थे। अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष भानू भूरिया ने की। प्रारंभ में स्वागत उद्बोधन देते हुए भानू भूरिया ने बताया कि आदिवासी बाहुल झाबुआ जिले की प्रसिद्ध बांसुरी प्रथा, जो विलुप्त हो रहीं थी, इसे पुनः जागृत करने हेतु उक्त प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिससे ग्रामीणजनों में छुपी हुई प्रतिभा में निखार आ सके। मुख्य अतिथि केबिनेट मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि बांसुरी वादन एक कला है, जो मप्र के आदिवासी समाज में विशेष रूप से पाई जाती है। यह हमारी संस्कृति एवं परपंरा को भी प्रदर्शित करती है और कला में निखार लाती है। जनजाति विकास मंच के प्रांत प्रमुख डावर ने उक्त आयोजन की सराहना करते हुए आदिवासी समाज को बांसुरी वादन का प्रिय बताया एवं प्राचीन समय में चली आ रहीं इस परंपरा को पुनः उभारने तथा उचित मंच प्रदान करने की बात कहीं।
