गौवंश तस्करी के शक में आदिवासी युवकों की पिटाई, कार्रवाई की मांग को लेकर सड़कों पर उतरा आदिवासी समाज

बैतूल। जिले में गौवंश तस्करी के शक में आदिवासी युवकों के साथ हुई कथित मारपीट के विरोध में सोमवार को सर्व आदिवासी समाज के बैनर तले बड़ी संख्या में लोगों ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले बजरंग दल से जुड़े कुछ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने खेती के काम के लिए बैल लेकर जा रहे आदिवासी युवकों को रोककर उनके साथ मारपीट की थी।

समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि इस घटना में युवक घायल हुए हैं। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद आदिवासी समाज में आक्रोश बढ़ गया और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग तेज हो गई।

प्रदर्शन के दौरान समाज के लोगों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए मारपीट में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ लूट सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कुछ संगठन कानून को अपने हाथ में लेकर आदिवासी समुदाय के लोगों के साथ दुर्व्यवहार कर रहे हैं, जिससे समाज में असुरक्षा का माहौल बन रहा है।

मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि घटना की शिकायत मिलने के बाद एफआईआर दर्ज कर ली गई है। अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सर्व आदिवासी समाज ने चेतावनी दी है कि यदि सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। फिलहाल प्रशासन और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Next Post

मजदूरो से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी: 5 घायल, 2 गंभीर 

Mon Jun 8 , 2026
सीधी । जिले के रामपुर नैकिन थानांतर्गत कोदईडाड़ गांव में सोमवार दोपहर मजदूरों से भरी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली बेकाबू होकर सड़क किनारे पलट गई। इस हादसे में पांच मजदूर गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जिनमें से दो की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। जानकारी के मुताबिक, यह […]

You May Like