मजदूरो से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी: 5 घायल, 2 गंभीर 

सीधी । जिले के रामपुर नैकिन थानांतर्गत कोदईडाड़ गांव में सोमवार दोपहर मजदूरों से भरी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली बेकाबू होकर सड़क किनारे पलट गई। इस हादसे में पांच मजदूर गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जिनमें से दो की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। जानकारी के मुताबिक, यह ट्रैक्टर-ट्रॉली बिजली के टावर बनाने के काम में लगे मजदूरों को लेकर चुरहट की तरफ जा रही थी। दोपहर करीब 3 बजे कोदईडाड़ के पास एक मोड़ पर ड्राइवर ने गाड़ी पर से अपना नियंत्रण खो दिया, जिसकी वजह से ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि ट्रैक्टर की रफ्तार बहुत तेज थी, इसी वजह से यह हादसा इतना बड़ा हो गया। हादसे की खबर मिलते ही 108 एंबुलेंस तुरंत मौके पर पहुंची। सभी घायलों को रामपुर नैकिन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

108 एंबुलेंस के ईएमटी रवि शुक्ला ने बताया कि कुल पांच गंभीर रूप से जख्मी लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है। घायलों में शामिल शिव प्रसाद रावत और आशा रावत के सिर और पेट में गंभीर चोटें आई हैं। उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टर्स ने प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर कर दिया है। इसके अलावा मुन्ना, रामनाथ और सानू रावत भी इस हादसे में जख्मी हुए हैं, जिनका इलाज रामपुर नैकिन अस्पताल में ही चल रहा है। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली में 15 से ज्यादा मजदूर सवार थे, जिनमें से कई लोगों को मामूली चोटें भी आई हैं। इस पूरे हादसे के बाद एक हैरान करने वाली बात सामने आई। ट्रैक्टर का ड्राइवर पलटे हुए वाहन को सीधा करने में कामयाब रहा और इसके बाद वह ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Next Post

इंडिया गठबंधन की बैठक: शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मांगा इस्तीफा, आर्थिक हालात पर सर्वदलीय बैठक की मांग

Mon Jun 8 , 2026
नयी दिल्ली। इंडिया गठबंधन ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट के पेपर लीक होने और सीबीएसई में गड़बड़ी के मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की है और कहा है कि देश की आर्थिक स्थिति पर विचार करने के लिए सरकार को सर्वदलीय बैठक बुलानी चाहिए। इंडिया […]

You May Like