यूक्रेन के पास रूसी विमानन गतिविधि की रिपोर्ट के बाद पोलैंड ने विमानों को अलर्ट किया

वारसॉ, 07 फरवरी (वार्ता) यूक्रेन में युद्ध के संबंध में रूस की ‘लंबी दूरी की हवाई गतिविधि’ का हवाला देते हुए पोलैंड ने शनिवार को सैन्य विमानों को सतर्क किया और हवाई रक्षा प्रणालियों को हाई अलर्ट पर रखा। देश की सशस्त्र सेना परिचालन कमान ने यह जानकारी दी। कमान ने एक्स पर पोस्ट किये गये एक बयान में कहा, “यूक्रेन में लक्ष्यों पर किये गये हमलों के संबंध में संचालित रूस की लंबी दूरी की विमानन गतिविधि के कारण, पोलैंड के और सहयोगी विमानों ने पोलिश हवाई क्षेत्र में परिचालन शुरू कर दिया है।” बयान में कहा गया है कि जमीनी हवाई रक्षा इकाइयों और रडार टोही प्रणालियों को भी अलर्ट पर रखा गया था। कमान ने कहा कि ये कदम पोलैंड की पूर्वी सीमा के पास के क्षेत्रों की रक्षा के उद्देश्य से एहतियाती उपाय हैं। उल्लेखनीय है कि नाटो सदस्य पोलैंड की सीमा यूक्रेन से लगती है। पोलैंड ने यूक्रेन-रूस संघर्ष जारी रहने के कारण बार-बार इसी तरह के अलर्ट जारी किये हैं। ये अलर्ट अक्सर यूक्रेनी अधिकारियों द्वारा जारी हवाई हमले की चेतावनियों के साथ मेल खाते हैं। यूक्रेन के प्रमुख कमांडर ओलेक्जेंडर सिरस्की ने कहा कि यह अलर्ट ऐसे समय में आया है जब कड़ाके की ठंड के बावजूद रूसी और यूक्रेनी सेनाओं के बीच अग्रिम पंक्ति पर भीषण लड़ाई जारी है। श्री सिरस्की ने कहा कि ड्रोन युद्ध में प्रगति ने युद्ध के मैदान में तथाकथित “किल ज़ोन” को 20 किलोमीटर की गहराई तक बढ़ा दिया है।

यूक्रेन की वायु सेना ने कहा कि रूस ने शुक्रवार रात 328 ड्रोन और सात मिसाइलें दागीं। सेना ने दावा किया कि हवाई रक्षा ने 297 ड्रोन रोक दिये। क्षेत्रीय अधिकारियों ने कहा कि मध्य निप्रोपेट्रोव्स्क क्षेत्र में रूसी ड्रोन और ग्लाइड-बम हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गयी और दो अन्य घायल हो गये। दक्षिणी ज़ापोरिज़िया क्षेत्र में, रूसी हवाई हमले में आठ लोग घायल हो गये और 18 अपार्टमेंट इमारतें क्षतिग्रस्त हो गयीं। रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसकी हवाई रक्षा प्रणाली ने रात भर में 38 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए, जिसमें ब्रायंस्क क्षेत्र में 26 ड्रोन शामिल हैं। रूसी अधिकारियों ने कहा कि बेलगोरोड में, यूक्रेनी हमलों से बिजली सुविधाएं क्षतिग्रस्त हो गयीं, जिससे शहर के कुछ हिस्सों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गयी। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कुछ क्षेत्रों में वायु सेना की प्रतिक्रिया को “असंतोषजनक” बताते हुए आलोचना की। उन्होंने हवाई रक्षा को मजबूत करने और बिजली आपूर्ति को बहाल करने के लिए तेजी से प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऊर्जा अवसंरचना पर हाल के रूसी हमलों के बाद 1,110 से अधिक रिहायशी इमारतों में तापन प्रणाली काम नहीं कर रही थी। पोलिश अधिकारियों ने कहा है कि बढ़ते क्षेत्रीय तनाव के बीच पोलैंड के एयरस्पेस की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ये उपाय ज़रूरी हैं।

Next Post

घरेलू रक्षा उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए अमेरिका ने लागू की नयी हथियार हस्तांतरण रणनीति

Sat Feb 7 , 2026
वॉशिंगटन, 07 फरवरी (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर कर “अमेरिका फर्स्ट आर्म्स ट्रांसफर स्ट्रेटेजी” की स्थापना की है, जिसका उद्देश्य विदेशी सैन्य बिक्री में अमेरिकी हितों को प्राथमिकता देना और घरेलू रक्षा उत्पादन को बढ़ावा देना है। राष्ट्रपति ट्रंप ने शुक्रवार को कहा […]

You May Like