
*मुरैना में प्राचीन इंदिरा सरोवर में गंदगी के बीच विसर्जित कीं भुजरियां*
मुरैना। रक्षाबंधन के दूसरे दिन यानि रविवार को मुरैना के प्राचीन इंदिरा सरोवर पर भुजरिया मेला आयोजित किया गया। जहां हजारों की संख्या में महिलाओं ने भुजरिया विसर्जित कर उन्हें भगवान और अपने सगे-संबंधियों को अर्पित कीं। गंभीर बात यह है कि प्राचीन मेले से पूर्व नगर निगम ने इस तालाब की सफाई नहीं कराई। पॉलिथिन, गंदगी और काई जमने की वजह से महिलाओं को गंदगी के बीच ही अपनी भुजरियां विसर्जित करनी पड़ीं।
अंबाह में भी भुजरिया मेले का आयोजन प्राचीन ताल पर किया गया। जिसमें मटकी फोड़, ऊंची व लंबी कूंद सहित मेहंदी सजाओ जैसी सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं हुईं। अंत में विजेताओं को नपाध्यक्ष अंजलि जिनेश जैन, सीएमओ शारिब कौशर, पार्षद सरोजदेवी कपासिया, रचना तोमर, बहादुर प्रजापति आदि ने अपने हाथों से पुरस्कार बांटे।
-अंबाह की प्रतियोगिताओं में यह रहे विजेता
भुजरिया प्रतियोगिता में वर्षा कुशवाह, संतो कुशवाह पहले व दूसरे स्थान पर रहीं। वहीं मटकी फोड़ में प्रथम अरुण सखवार, द्वितीय अमन खान, मेहंदी सीनियर प्रतियोगिता में प्रथम काजल प्रजापति, द्वितीय शिवानी कुशवाह, मेहंदी जूनियर में प्रथम मनु, द्वितीय अवनी, हाई जंप में प्रथम नमन सेंगर अंबाह, द्वितीय आकाश मुदगल चिरपुरा, लौंग जंप प्रतियोगिता में प्रथम हेमंत बिरहरुआ, द्वितीय आकाश चिरुपुरा, रंगोली प्रतियोगिता में प्रथम मुस्कान गुप्ता, द्वितीय प्रियंका प्रजापति, सांत्वना पुरस्कार रिचा डंडोतिया, ड्राइंग प्रतियोगिता में प्रथम ओमकार सिंह, द्वितीय अभिषेक प्रजापति रहे। इसी प्रकार आल्हा गायन में प्रदीप रंगीला, रिंकू गायक को प्रथम-द्वितीय और स्वदेश राठौर पोरसा, कल्याण कुशवाह, महेश कुशवाहा को सांत्वना पुरस्कार दिए गए।
-जौरा में भी बुरावली रोड पर लगा मेला
जौरा कस्बे में भी हर बार की तरह इस बार भुजरिया मेला बुरावली रोड पर लगा, जहां महिलाओं ने भुजरिया विसर्जित कर स्वजनों को दीं।
******************
फोटो कैप्शन
मुरैना के प्राचीन इंदिरा सरोवर पर गंदे पानी में भुजरिया विसर्जित करतीं महिलाएं।
लंबी कूंद में जौहर दिखाता धावक और पुरस्कार देते अतिथि।
