
मांडू।कांग्रेस के नव संकल्प शिविर को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने आज कहा कि देश की अर्थव्यवस्था दो-चार उद्योगपतियों के हाथों में सिमट चुकी है, जिससे हर वर्ग परेशान है। उन्होंने मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर जातीय जनगणना करवाने का वादा किया और कहा कि दलित, पिछड़े, आदिवासी और महिलाओं को सरकारी नौकरियों में अधिक प्रतिनिधित्व मिलेगा।
राहुल गांधी ने भाजपा पर नफरत फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि महाराष्ट्र के बाद मध्यप्रदेश में मतदाता सूची में गड़बड़ी की साजिश है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा कि वे चुनाव की तैयारी में पूरी ताकत लगाएं और सड़कों पर उतरकर संघर्ष करें।
शिविर में कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेताओं हरीश चौधरी, उमंग सिंघार, जीतू पटवारी, कमलनाथ और विवेक तन्खा ने भी पार्टी को मजबूत करने, संगठनात्मक बदलाव, युवाओं-किसानों की समस्याएं और कानूनी लड़ाई को लेकर अपने विचार रखे। कांग्रेस नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि आगामी चुनावों में जातीय न्याय, सामाजिक समरसता और ईमानदार शासन उनके प्रमुख मुद्दे होंगे।
