पटना, 30 अक्टूबर। केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता अन्नपूर्णा देवी ने गुरुवार को राहुल गांधी पर छठ महापर्व का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके बयान से बिहार और पूर्वांचल की माताएं और बहनें आहत हैं।
भाजपा मीडिया सेंटर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर हमला बोला और कहा कि इस महापर्व में बहनें 36 घंटे तक बिना अन्न जल ग्रहण किए हुए निर्जला व्रत करती हैं। इस पावन त्यौहार को जिस तरह से उन्होंने ड्रामा करार दिया, उससे बिहार और पूर्वांचल की बहनें बहुत आहत हैं।
भाजपा की नेता ने कहा कि श्री गाँधी को इस पर्व का महत्व नही मालूम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस पर्व को वैश्विक स्तर पर पहुंचाने में लगे हैं। वैसी स्थिति में राहुल गांधी का इसे ड्रामा कहना कतई बर्दाश्त करने लायक व्यवहार नहीं है।
मंत्री ने महागठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि इस गठबंधन के लोग न सिर्फ वोट की राजनीति करते हैं, बल्कि उन्हें किसी की आस्था से भी कोई मतलब नहीं है। वे सिर्फ तुष्टिकरण की राजनीति करते हैं और यही उनका चरित्र है। उन्होंने कहा कि सबसे आश्चर्य की बात है कि श्री गाँधी के गठबंधन के साथी लालू यादव, राबड़ी देवी या तेजस्वी यादव ने भी इस पर एक शब्द नहीं कहा, जबकि राबड़ी देवी स्वयं लगातार छठ करती रही हैं।
भाजपा की नेता ने कहा कि गठबंधन में शामिल तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने भी बिहार के लोगों को गाली दी थी। उन्होंने बिहार के लोगों को बीमारी कहा, लेकिन उस मामले में भी गठबंधन का कोई नेता एक शब्द नहीं बोला। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के लिए महागठबंधन के नेता और श्री गाँधी कुछ भी कर सकते हैं। इसे बिहार की जनता कभी भी यह बर्दाश्त नहीं करेगी और बिहार की माताएं और बहनें इसका जवाब जरूर देंगी।
मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री की आज की सभा में काफी महिलाएं थीं और राहुल गांधी के इस बयान को लेकर उनमें काफी आक्रोश दिख रहा था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जहां महिला सशक्तिकरण को केंद्र में रखकर आगे बढ़ रहे हैं, वहीं महागठबंधन महिलाओं को अपमानित करने में जुटा है। उन्होंने कई योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाओं के नेतृत्व में विकास का नया अध्याय लिखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार के इस चुनाव में प्रदेश की बेटियां महागठबंधन को करारा जवाब देने वाली हैं। उन्होंने राहुल गांधी के दो भारत वाले बयान को लेकर भी कहा कि हिंदुस्तान एक ही है और एक ही रहेगा। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान कोई भूमि का टुकड़ा नहीं है, हिंदुस्तान तो सबकी आत्मा में बसता है और श्री गाँधी हिंदुस्तान के दर्द को शायद नहीं समझते हैं।
भाजपा की नेता ने कहा कि बिहार की बेटियां प्रधानमंत्री के संकल्प के साथ हैं। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार नीतीश कुमार के नेतृत्व में चल रही है और तेज रफ्तार के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि यह रफ्तार रुकेगी नहीं, थमेगी नहीं, बल्कि और तेज गति के साथ आगे बढ़ेगी, यह बिहार की जनता तय कर चुकी है।
इस प्रेस वार्ता में भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष अनामिका पासवान, मध्य प्रदेश भाजपा की प्रवक्ता नेहा बग्गा और प्रदेश प्रवक्ता रानी चौबे उपस्थित रहीं।
