देवसर : स्व. लक्ष्मीकांत पाठक स्मृति स्टेडियम देवसर में चार दिवसीय 69वीं राज्य स्तरीय शालेय फील्ड आर्चरी प्रतियोगिता 2025-26 का उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक विश्वामित्र पाठक के मुख्य आतिथ्य में हुआ।कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी एसबी सिंह ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत करते हुए राज्य स्तरीय शालेय क्रीडा प्रतियोगिता की रूपरेखा तथा आयोजन की गतिविधियों से अवगत कराया।
इस अवसर पर विधायक विश्वामित्र पाठक ने अपने सारगर्भित उद्बोधन में विधानसभा क्षेत्र सिहावल के देवसर में इस भव्य और गौरवशाली आयोजन की मेजबानी के लिए म.प्र. शासन शिक्षा विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देवसर में इस तरह का आयोजन सौभाग्य की बात है, इससे शिक्षा विभाग ही नहीं अपितु पूरा क्षेत्र गौरवान्वित है। विधायक ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार ने खेलो को सर्वाधिक महत्व दिया है।
उन्होंने आगे कहा कि खेल शारीरिक, मानसिक एवं समरसता के साथ ही प्रतिस्पर्धा और भाईचारा का अच्छा माध्यम है। आयोजक मंडल ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट किया। कार्यक्रम में अखिलेश सिंह एसडीएम, गायत्री तिवारी एसडीओपी, राज्य स्तरीय क्रीड़ा अधिकारी शैलेन्द्र सिंह, अश्वनी मालवीय, सुरेश प्रसाद कुशवाहा, टीआई रोशनी कुर्मी, प्रदेश, संभाग व जिला क्रीडा अधिकारी, विद्यालयों के प्राचार्यगण, प्रदेश भर से आए खेल प्रतिभागी, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में गणमान्य जन मौजूद रहे।
