सतना:महापौर योगेश ताम्रकार की अध्यक्षता में बुधवार को नगर सरकार के मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित हुई जिसमें कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को हरी झंडी दे दी गई। लेकिन इसी बैठक में संबल योजना के हितग्राहियों का भुगतान लंबित होने की जानकारी भी सामने आई। श्रम विभाग से राशि नहीं प्राप्त होने के कारण फिलहाल ननि द्वारा इस मामले से अपने हाथ खींच लिए गए हैं।
संबल योजना के अंतर्गत पंजीकृत श्रमिकों की मृत्यु के बाद अनुग्रह सहायता दिए जाने का प्रावधान है। लेकिन वर्तमान में छह प्रकरणों में कुल 16 लाख रुपये की राशि श्रम विभाग से प्राप्त नहीं होने के कारण भुगतान लंबित है। जानकारी के अनुसार इसमें कुल लंबित प्रकरण 06, लंबित राशि 16 लाख रुपये होने के कारण मामला सीएम हेल्पलाइन में प्रकरण एल-4 स्तर पर लंबित है। मेयर-इन-काउंसिल ने निगम निधि से भुगतान की स्वीकृति नहीं दी। निर्देश दिए गए कि श्रम विभाग से राशि प्राप्त होने के बाद हितग्राहियों को भुगतान किया जाए।
जांच समिति गठित
बैठक में धवारी स्टेडियम के अतिरिक्त कार्यों की जांच के लिए समिति गठित करने को मंजूरी दे दी गई।स्मार्ट सिटी निक्षेप कार्य अंतर्गत धवारी स्टेडियम के पुनर्निर्माण में दर्शक दीर्घा में लाल पत्थर लगाने, पांच पिच निर्माण, प्रकाश व्यवस्था, गेट सौंदर्यीकरण तथा पार्किंग व्यवस्था जैसे अतिरिक्त कार्य प्रस्तावित किए गए हैं। गठित समिति में पार्षद पी.के. जैन, अभिषेक तिवारी, आदित्य यादव को शामिल किया गया। समिति संशोधित कार्य विवरण का परीक्षण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करेगी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी
