
सीधी। संजय टाइगर रिजर्व अंतर्गत दुबरी वृत में 19 अगस्त 2025 को करेंट लगाकर बाघ का शिकार किया गया था। इस मामले में वन अपराध प्रकरण दर्ज कर डॉग स्कॉड और वन अमले ने जांच की। जांच में खरबर ग्राम के चार आरोपी धर्मपाल उर्फ मुंडू बैगा, नानदाऊ बारडोलिया, राजेश बैगा और रामसजीवन उर्फ लाला बैगा की संलिप्तता सामने आई। इनमें से तीन आरोपियों को 21 और 23 अगस्त को गिरफ्तार किया गया, जबकि फरार आरोपी रामसजीवन को मड़वास के पास चंदही गांव से पकड़ा गया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया। इसके अलावा बाघ शिकार प्रकरण (2024) के फरार आरोपी रमेश सिंह ने भी सरेंडर किया। कार्रवाई क्षेत्र संचालक अमित कुमार दुबे और उप संचालक राजेश कन्ना टी. के मार्गदर्शन में की गई।
