Asian Games 2026:
एशियन गेम्स 2026 में सोमवार को भारतीय वुशू खिलाड़ियों आर्यन और रोशिबिना देवी ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। आइची प्रीफेक्चरल मार्शल आर्ट्स हॉल में मिली इन जीत के साथ दोनों खिलाड़ी अब पदक से सिर्फ एक जीत दूर हैं।
अफगानिस्तान के खिलाड़ी को हराया
आर्यन ने पुरुषों के 56 किग्रा प्री-क्वार्टर फाइनल में अफगानिस्तान के साफी शहजादा को 2-0 से हराया। वहीं, दो बार की एशियन गेम्स पदक विजेता रोशिबिना देवी ने महिलाओं के 60 किग्रा के 1/8 फाइनल में बांग्लादेश की शिका खातून को पॉइंट्स के अंतर से मात दी।
अब आर्यन और रोशिबिना मंगलवार को क्वार्टर फाइनल में उतरेंगे। सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ ही दोनों के लिए पदक पक्का हो जाएगा।
तीसरा एशियन गेम्स पदक जीतने का मौका
रोशिबिना देवी इससे पहले एशियन गेम्स में दो पदक जीत चुकी हैं। उन्होंने 2018 जकार्ता एशियन गेम्स में कांस्य और 2023 हांगझोऊ एशियन गेम्स में रजत पदक जीता था। इसके अलावा वह 2019 काठमांडू-पोखरा साउथ एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। 2016 वर्ल्ड जूनियर चैंपियनशिप में उन्होंने कांस्य पदक हासिल किया था।
न्येमन वांगसु फाइनल में 15वें स्थान पर
इससे पहले सोमवार को भारत की न्येमन वांगसु महिलाओं के चांगक्वान फाइनल में 15वें स्थान पर रहीं। भारतीय वुशू खिलाड़ियों ने इससे पहले भी अच्छा प्रदर्शन किया है। रविवार को सूरज सिंह मयांगलामबम पुरुषों के चांगक्वान फाइनल में 11वें स्थान पर रहे। वह कांस्य पदक से सिर्फ 0.040 अंक पीछे रह गए।
सूरज का शानदार प्रदर्शन
21 खिलाड़ियों के बीच हुए मुकाबले में सूरज ने 9.683 अंक हासिल किए। उन्हें ‘क्वालिटी ऑफ मूवमेंट’ में 5.00 और ‘डिग्री ऑफ डिफिकल्टी’ में 2.00 अंक मिले। ‘ओवरऑल परफॉर्मेंस’ में उन्हें 2.683 अंक मिले।
मकाऊ के कुओंग ची हिन ने 9.723 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि उनके हमवतन ची कुआन सोंग ने 9.720 अंक के साथ रजत पदक हासिल किया। सूरज का स्कोर कांस्य पदक से केवल 0.040 अंक कम रहा।
