हत्था में दो मेडिकल स्टोरों को तहसीलदार ने किया सील

सीधी / बघवार । जिले के रामपुर नैकिन थाना अंतर्गत ग्राम हत्था में तहसीलदार के पहुंचते ही मेडिकल स्टोर संचालकों में हडक़ंप मच गया। तहसीलदार के आते ही कई मेडिकल स्टोरों के शटर धड़ाधड़ गिरने लगे और कुछ संचालक मौके से भाग खड़े हुए। इस संयुक्त छापामार कार्रवाई में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर राजा मेडिकल स्टोर सहित एक अन्य बिना नाम पंजीयन वाली मेडिकल स्टोर को सील कर दिया गया। यह कार्रवाई तहसीलदार रामपुर नैकिन आशीष मिश्रा के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। टीम में मेडिकल ऑफिसर डॉ. सज्जन सिंह, उप निरीक्षक एमएल रावत, फार्मासिस्ट राम प्रकाश तिवारी, अमरीश शर्मा एवं पटवारी सचेंद्र पाण्डेय शामिल रहे। जांच के दौरान राजा मेडिकल स्टोर में बड़ी मात्रा में अमानक और एक्सपायरी डेट की दवाइयां पाई गईं। इसके साथ ही कई ऐसी प्रतिबंधित दवाएं भी मिलीं, जिनका विक्रय नियमों के अनुसार किया जाना पूरी तरह से प्रतिबंधित है। जांच में यह भी सामने आया कि छोटे बच्चों को बिना किसी डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन के दवाइयां दी जा रही थीं, जो सीधे तौर पर उनके स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। टीम ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों को कड़ी समझाइश दी और तत्पश्चात राजा मेडिकल स्टोर को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। इसके अलावा एक अन्य मेडिकल दुकान जिस पर न तो दुकान का नाम लिखा था और न ही कोई वैध पंजीयन संबंधी जानकारी प्रदर्शित थीए वहां भी गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। उक्त दुकान को भी नियमों के उल्लंघन के चलते सील किया गया। कार्रवाई के दौरान दो-तीन अन्य मेडिकल स्टोरों के संचालक प्रशासनिक टीम को देखकर अपने-अपने शटर बंद कर फरार हो गए। टीम द्वारा संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन कॉल का भी कोई जवाब नहीं मिला।

इनका कहना है –

लंबे समय से प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री और बच्चों को बिना पर्ची दवा देने की शिकायतें मिल रही थीं। एसडीएम शैलेश द्विवेदी के निर्देश पर गठित टीम ने सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की है। आगे भी इसी तरह लगातार अभियान चलाया जाएगा और आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

आशीष मिश्रा, तहसीलदार

रामपुर नैकिन

Next Post

स्वाहिम कोष योजना से 61 हजार से अधिक खरीदारों को घर मिले, 99 परियोजनाएं पूरी या आशिंक रूप से कर्ज मुक्त

Thu Jan 8 , 2026
नयी दिल्ली, 08 जनवरी (वार्ता) वित्तीय अभाव के चलते अधर में लटकी एलआईजी और एमआईजी आवास योजनाओं को पूरा कराने के लिए विशेष कर्ज सहायता की योजना ‘स्वाहिम योजना ‘के तहत अब तक 110 परियोजनाओं में खरीदारों को 61 हजार से अधिक मकानों का कब्जा मिल चुका है। वित्त मंत्रालय […]

You May Like

मनोरंजन