भोपाल: हिंदू नववर्ष के अवसर पर कर्मश्री संस्था द्वारा आयोजित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का 25वां वर्ष इस बार 18 मार्च को मनाया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव दीप प्रज्ज्वलित कर करेंगे।इसकी जानकारी कर्मश्री के अध्यक्ष एवं विधायक रामेश्वर शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। उन्होंने बताया कि 18 मार्च की रात 8 बजे टी टी नगर स्टेडियम मार्ग स्थित अटल पथ पर भव्य काव्य मंच सजाया जाएगा।
कवि सम्मेलन में देश के प्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास सहित कई राष्ट्रीय स्तर के कवि हास्य, व्यंग्य, ओज, गीत और श्रृंगार रस की कविताओं का पाठ करेंगे।आयोजकों के अनुसार यह आयोजन हिंदू नववर्ष के स्वागत में भारतीय संस्कृति और साहित्य के उत्सव के रूप में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में हजारों साहित्य प्रेमियों के शामिल होने की संभावना है। बैठक व्यवस्था ‘पहले आओ-पहले पाओ’ के आधार पर होगी तथा महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए विशेष व्यवस्था भी की जाएगी।
