फ्लिपकार्ट मिनट्स के विकास में गैर-मेट्रो शहरों ने दिया ज्यादा योगदान

बेंगलुरु, 18 अगस्त (वार्ता) ई-कॉमर्स मार्केट प्लेस फ्लिपकार्ट की तुरंत डिलवरी वाली इकाई फ्लिपकार्ट मिनट्स ने पहले साल में माह-दर-माह आधार पर औसतन 50 प्रतिशत की विकास दर हासिल है और खास बात यह है कि इस विकास में गैर-मेट्रो शहरों का ज्यादा योगदान रहा है।

कंपनी ने सोमवार को बताया कि अगस्त 2024 में शुरुआत के बाद पहले ही साल में उसने 50 प्रतिशत माह-दर-माह विकास दर्ज की और पांच करोड़ से अधिक यूनीक विजिटर्स को आकर्षित किया।

इस समय अहमदाबाद, अंबाला, बेंगलुरु, चेन्नई, दिल्ली-एनसीआर (गुरुग्राम, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद), गुवाहाटी, जयपुर, कोलकाता, कानपुर, लखनऊ, मुंबई, पुणे, पटना, ठाणे समेत 19 शहरों में उसका संचालन है। एक साल में दिल्ली, बेंगलुरु, मुंबई, कोलकाता और पुणे शीर्ष प्रदर्शन करने वाले शहर रहे लेकिन अंबाला, गुवाहाटी, जयपुर, लखनऊ, कानपुर और पटना जैसे गैर-मेट्रो विकास के बड़े कारक बनकर उभरे हैं।

कंपनी की प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि उसने 19 शहरों और 2,900 से ज्यादा पिन कोड्स में लाखों ऑर्डर पूरे किये और डिलीवरी तथा माइक्रो फुलफिलमेंट स्टोर्स के जरिए एक लाख से अधिक नौकरियां पैदा की हैं। करीब 60 प्रतिशत ग्राहकों ने पहली बार कुछ खरीदने के 14 दिन के भीतर फिर से ऑर्डर दिया।

सबसे ज्यादा मांग जनरेशन जेड, पेशेवरों और शहरी परिवारों से आयी है। सबसे ज्यादा ऑर्डर की गयी कैटेगरी में दैनिक जरूरत के सामान, पेय पदार्थ, पर्सनल केयर और इलेक्ट्रॉनिक्स सामान रहे। मोबाइल श्रेणी में पांच लाख यूनिट्स की बिक्री हुई।

फ्लिपकार्ट मिनट्स के उपाध्यक्ष कबीर बिस्वास ने कहा कि सिर्फ एक साल में कंपनी ने उल्लेखनीय विस्तार किया है और उपभोक्ताओं का एक मजाबूत आधार तैयार किया है, जो अपनी रोजमर्रा की जरूरतों और अन्य चीजों के लिए हम पर भरोसा करते हैं। हम लगातार डेटा-आधारित इंफ्रास्ट्रक्चर, स्थानीय स्तर पर निष्पादन और मजबूत साझेदार नेटवर्क के माध्यम से उच्च-गुणवत्ता वाला ग्राहक अनुभव प्रदान करने के लिए समर्पित हैं।

फ्लिपकार्ट के वरिष्ठ उपाध्यक्ष हेमंत बद्री ने कहा कि फ्लिपकार्ट में हमारा संकल्प है कि हम एक मजबूत, प्रौद्योगिकी आधारित सप्लाई चेन तैयार करें, जो ग्राहक अनुभव को बेहतर बनाये और देश के बढ़ते डिजिटल कॉमर्स पारिस्थितिकी को सहयोग दे।

 

Next Post

चावल महंगा, गेहूं सस्ता, खाद्य तेलों में घट-बढ़, दालें-चीनी मजबूत

Mon Aug 18 , 2025
नयी दिल्ली, 18 अगस्त (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में सोमवार को चावल की औसत कीमतों में तेजी रही जबकि गेहूं में नरमी देखी गयी। चीनी और दालों के दाम भी बढ़ गये जबकि खाद्य तेलों की कीमतों में उतार-चढ़ाव का रुख देखने को मिला। विदेशों में मलेशिया के बुरसा […]

You May Like