नयी दिल्ली, 18 अगस्त (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में सोमवार को चावल की औसत कीमतों में तेजी रही जबकि गेहूं में नरमी देखी गयी। चीनी और दालों के दाम भी बढ़ गये जबकि खाद्य तेलों की कीमतों में उतार-चढ़ाव का रुख देखने को मिला।
विदेशों में मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का अक्टूबर वायदा 49 रिंगिट की मजबूती के साथ 4,560 रिंगिट प्रति टन बोला गया। अमेरिकी सोया तेल वायदा 0.53 प्रतिशत की गिरावट के साथ 52.95 डॉलर के भाव बोला गया।
घरेलू थोक जिंस बाजारों में चावल की औसत कीमत करीब 92 रुपये प्रति क्विंटल बढ़कर 3,835.08 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गयी। वहीं, गेहूँ नौ रुपये गिरकर 2,839.71 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर बिका। आटा भी 11 रुपये सस्ता हुआ और 3,290.85 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया।
सरसों तेल औसतन 258 रुपये प्रति क्विंटल फिसल गया। मूंगफली तेल 32 रुपये और वनस्पति 114 रुपये प्रति क्विंटल महंगा हुआ। पाम ऑयल करीब 30 रुपये प्रति क्विंटल महँगा हुआ। सूरजमुखी तेल में 18 रुपये की गिरावट देखी गयी। सोया तेल भी 85 रुपये प्रति क्विंटल सस्ता हुआ।
दाल-दलहनों में मसूर दाल की औसत कीमत करीब 108 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। चना दाल 111 रुपये और तुअर दाल 232 रुपये प्रति क्विंटल महँगी हुई। उड़द दाल में 86 रुपये प्रति क्विंटल की तेजी रही। मूँग दाल भी 117 रुपये प्रति क्विंटल चढ़ गयी।
गुड़-चीनी : बाजार में गुड़ के औसत भाव 115 रुपये प्रति क्विंटल चढ़े। चीनी भी 20 रुपये प्रति क्विंटल महँगी हुई।
